बिलासपुर…केंद्रीय विश्वविद्यालय गुरु घासीदास में आयोजित राष्ट्रीय साहित्यिक कार्यक्रम के दौरान साहित्यकार के कथित अपमान का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। एक दिन पहले कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा राष्ट्रपति को कुलपति आलोक चक्रवाल के विरुद्ध पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई की मांग के बाद शुक्रवार को बिलासपुर के साहित्यकारों ने भी इस प्रकरण को लेकर जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया।

कथाकार रामकुमार तिवारी और प्रख्यात उपन्यासकार द्वारिका प्रसाद अग्रवाल के नेतृत्व में साहित्यकारों का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कार्यालय पहुँचा और प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी नाराजगी और पीड़ा दर्ज कराई। साहित्यकारों ने कहा कि बिलासपुर के लेखक, विचारक और रचनाकार हमेशा से समाज और संस्कृति के सजग प्रहरी रहे हैं, लेकिन 7 जनवरी 2024 को गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जो हुआ, उसने न केवल विश्वविद्यालय की गरिमा को ठेस पहुँचाई बल्कि पूरे साहित्यिक समाज को आहत किया है।

ज्ञापन में बताया गया कि समकालीन हिन्दी कहानी विषय पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथि कथाकार मनोज रूपाणी के साथ कुलपति डॉ. आलोक कुमार चक्रवाल द्वारा सार्वजनिक रूप से अमर्यादित व्यवहार किया गया। साहित्यकारों का आरोप है कि कुलपति ने भरे मंच पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए अतिथि लेखक से यह कहते हुए कार्यक्रम छोड़ने को कहा कि “इन्हें बुलाया किसने है?”, और उन्हें सभा से बाहर जाने का आदेश दिया गया।

साहित्यकारों ने कहा कि किसी आमंत्रित अतिथि का इस तरह अपमान करना न तो भारतीय संस्कृति का हिस्सा है और न ही किसी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति के पद की गरिमा के अनुरूप। यह घटना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि साहित्य, संवाद और अकादमिक स्वतंत्रता पर सीधा प्रहार है।

कथाकार रामकुमार तिवारी ने कहा कि यह पीड़ा असहनीय है। साहित्यकार का भरे मंच पर अपमान पूरे रचनात्मक समाज को अपमानित करने जैसा है। वहीं उपन्यासकार द्वारिका प्रसाद अग्रवाल ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सोचकर शर्म आती है कि बिलासपुर का नाम देशभर में इस तरह लिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शहर की पहचान हमेशा साहित्य और संस्कृति से रही है, लेकिन कुलपति के व्यवहार ने पूरे शहर को शर्मिंदगी की स्थिति में खड़ा कर दिया है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

साहित्यकारों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि इस घटनाक्रम को गंभीरता से लिया जाए और राष्ट्रपति तक उनकी बात पहुँचाई जाए। उन्होंने मांग की कि कुलपति के आचरण को देखते हुए उनके खिलाफ कड़ी

अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और उन्हें पद से हटाया जाए, ताकि केंद्रीय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गरिमा और विश्वास बहाल हो सके।

अब सवाल यह है कि क्या केंद्रीय विश्वविद्यालयों में संवाद और सम्मान की परंपरा को बचाने के लिए शीर्ष स्तर पर ठोस कदम उठाए जाएंगे, या फिर यह मामला भी औपचारिकताओं में उलझकर रह जाएगा।