कानून तोड़ेगा तो बख्शा नहीं जाएगा — जाँच आधारित होगी कठोर कार्रवाई.. बोले पुलिस कप्तान.. छात्र सुरक्षा,शांति व्यवस्था,पहली जिम्मेदारी

बिलासपुर…पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में बिलासपुर पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय है। हाल ही में छात्रों के बीच हुई चाकूबाजी जैसी घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि जाँच प्रक्रिया के आधार पर ही दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। “छात्रों से कोई पूर्वाग्रह नहीं है। यदि किसी की गलती होगी तो कानून के अनुसार कार्रवाई होगी,” उन्होंने कहा।
शहर में शांति बनाए रखने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों लोग पुलिस कार्यालय में अपनी शिकायतें लेकर पहुँचते हैं। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि “समस्या का समाधान संवाद से ही संभव है। भीड़ बनाकर नारेबाजी या अनुशासन भंग करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। आवश्यक होने पर 5-6 प्रतिनिधियों के माध्यम से ज्ञापन दिया जा सकता है।”
उन्होंने आगे बताया कि चाकूबाजी की घटनाओं का का जिक्र मीडिया में अपेक्षा से अधिक हो रहा है। जबकि प्रशासन ने घटनाओं पर नियंत्रण पा लिया है। अब तक 300 से अधिक आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की जा चुकी है, साथ ही 276 चाकू ऑनलाइन तस्करी के दौरान जब्त किए गए हैं। वहीं, 36 चाकू ऐसे अपराधियों से बरामद किए गए हैं जो अन्य जिलों से आते थे। इन मामलों की जानकारी न्यायालय में आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रस्तुत की गई है, और न्यायालय इससे संतुष्ट है।
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि छात्र सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करें। नशे, अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना हमारी प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें और कानून का सम्मान करें। समाज की सुरक्षा में पुलिस और जनता मिलकर ही काम कर सकते हैं।”





