बिलासपुर…तखतपुर थाना क्षेत्र में बकरी चोरी की वारदातों पर पुलिस ने बड़ा ब्रेक लगाते हुए एक शातिर चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से एक बकरा, एक बकरी और चोरी की बिक्री से मिले 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

रात में ताला टूटा, सुबह शिकायत

बेलसरी निवासी कुंज बिहारी पटेल ने तखतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि घर में बने कोठा का ताला तोड़कर 7 नग बकरा-बकरी चोरी कर लिए गए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कुरानकांपा रोड पर खुला राज

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुरानकांपा रोड तखतपुर में एक युवक चोरी के बकरा-बकरी को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम राजाराम सागर (23 वर्ष), निवासी कोसमा, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली बताया और चोरी करना स्वीकार किया।

बकरा-बकरी और नकदी बरामद, सीधे जेल

आरोपी के पास से 01 बकरा, 01 बकरी और अन्य बकरियों को बेचने से मिली ₹10,000 की नकदी जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की नजर, चोरी का बाजार बंद

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए तखतपुर पुलिस ने निगरानी बढ़ा रखी थी। इसी सतर्कता का नतीजा है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी ज्यादा दिन बाहर नहीं रह सका।
इनकी रही अहम भूमिका

 कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक पाण्डेय, प्र.आर. 1065 गंगाधर कंवर, आरक्षक आशीष वस्त्रकार और आरक्षक चन्द्रशेखर मरकाम की भूमिका उल्लेखनीय रही।