बिलासपुर… चकरभाठा थाना पुलिस ने ग्राम पिरैया में अरपा नदी के किनारे टेंट लगाकर चल रही जुए की महफिल पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने ग्रामीण वेशभूषा में पहुंचकर घेराबंदी की और 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगा रहे चार जुआरियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान कुछ जुआरी पुलिस को देखकर मौके से भाग निकले।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पिरैया में अरपा नदी के किनारे टेंट और तिरपाल लगाकर संगठित तरीके से जुआ खिलाया और खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे ने पुलिस टीम तैयार की। टीम ग्रामीण वेशभूषा में मौके पर पहुंची और जुआरियों को भनक लगे बिना घेराबंदी कर रेड की।

मौके पर जुआरी 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसे का दांव लगाकर हार-जीत का खेल खेल रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर मलेश साहू, संदीप भारद्वाज, साहिल घोषले , तीनों निवासी ग्राम पिरैया, और चंद्रप्रकाश भार्गव, निवासी दुर्गडीह, थाना बिल्हा को पकड़ लिया। कुछ अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों और जुए के फड़ से हजारों रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, प्लास्टिक की बोरी फट्टी, पीले रंग का तिरपाल, होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कीमत करीब लाख से अधिक है।

पूछताछ में आरोपियों ने अन्य फरार लोगों के साथ मिलकर जगह बदल-बदलकर संगठित तरीके से जुआ खेलने और खिलाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने इसी आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 112 भी जोड़ी और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय बिल्हा के समक्ष पेश किया गया।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश कुमार जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में हुई।