रतनपुर …रतनपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब का अवैध परिवहन कर रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटर साइकिल जब्त कर ली।

मामला ग्राम सेमरा (चपोरा) का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम सिल्ली की ओर से मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के लिए लेकर जा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम रवाना हुई और ग्राम पोंड़ी-सिल्ली मोड़ के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान आरोपी राजेन्द्र कुमार साहू (45 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा (चपोरा), थाना रतनपुर के पास से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग ₹10,000) और मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।