LIVE UPDATE
Bilaspur

भीषण सड़क हादसा: गौवंशियों की मौत का मामला– चालक और मालिक पर FIR..लगाए जाएंगे पट्टा

रतनपुर…रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-45 (NH-45) पर ग्राम बारीडीह के पास सोमवार देर रात भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। नंदलाल पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क पर बैठे गौवंशों को कुचल दिया।  दर्दनाक हादसे में 13 गौवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में पशुप्रेमियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज किया है। साथ ही, मवेशियों को लावारिस रूप से सड़क पर छोड़ने वाले पशु मालिक पर भी एफ.आई.आर. दर्ज की गई है, जो कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 291 BNS के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।

पुलिस और प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की घोषणा की है। इसके अंतर्गत संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों के साथ मिलकर एक समिति बनाई जा रही है, जो मवेशियों के गले में रेडियम युक्त नेक बेंड लगाने की व्यवस्था करेगी, ताकि रात्रि के समय वाहन चालकों को जानवर दूर से ही नजर आ सकें और हादसों से बचा जा सके।

वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अब लापरवाह पशुपालकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जिम्मेदार ठहराया जाएगा। पुलिस द्वारा इस प्रकार के मामलों में सख्ती बरतने की चेतावनी दी गई है ताकि जन और पशुधन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close