कांग्रेस नेता की अभद्र टिप्पणी.. आया सियासी भूचाल, भाजपाइयों ने दी थाना घेराव की धमकी…FIR दर्ज
..

बीजापुर.. म सोशल मीडिया पर की गई एक अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। मामला उस वक्त तूल पकड़ गया जब कांग्रेस नेता और पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष पुरषोत्तम सल्लूर ने भाजपा आईटी सेल प्रभारी की फेसबुक पोस्ट पर अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया।
टिप्पणी से भाजपा युवा मोर्चा और संगठन के अन्य पदाधिकारी काफी आक्रोशित हो गए।भाजपा कार्यकर्ता सीधे कोतवाली थाना पहुंचे और कांग्रेस नेता के विरुद्ध FIR दर्ज कराई। साथ ही पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग भी की।
क्या है पूरा मामला?
भाजपा आईटी सेल प्रभारी ने फेसबुक पर एक राजनीतिक पोस्ट साझा किया। प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता पुरषोत्तम सल्लूर ने कथित तौर पर अश्लील और अपमानजनक टिप्पणी कर दी। टिप्पणी को लेकर भाजपाइयों ने इसे ‘अपमानजनक और दुर्भावनापूर्ण’ करार दिया, जो सीधे तौर पर पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास है।
भाजपा युवा मोर्चा की चेतावनी
FIR के बाद भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने तीन दिवस का अल्टीमेटम दिया है।यदि इस अवधि में पुलिस कार्रवाई नहीं करती है, तो उन्होंने बीजापुर कोतवाली का घेराव और बड़ा विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
संगठन का आया बयान
भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने कहा—“यह न सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं का अपमान है, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक विमर्श की मर्यादाओं का उल्लंघन है। कांग्रेस नेता की अभद्रता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
प्रशासन की प्रतिक्रिया
कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है और कहा कि“मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। साक्ष्य के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
राजनीतिक माहौल गरमाया
पूरे घटनाक्रम ने बीजापुर के सियासी माहौल को गर्म कर दिया है।जहां भाजपा खुलकर कांग्रेस पर मर्यादा तोड़ने का आरोप लगा रही है, वहीं कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।