Chhattisgarh Weather: रायपुर सहित पूरे देश के लिए मौसम विभाग ने ग्रीष्म काल के अगले तीन महीनों (अप्रैल से जून) का विस्तृत पूर्वानुमान जारी कर दिया है, जो मिला-जुला अहसास लेकर आने वाला है।

मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, कल यानी 1 अप्रैल से शुरू हो रहे नए सत्र के दौरान देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे नीचे रहने की उम्मीद है।

हालांकि, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के साथ-साथ मध्य भारत के पूर्वी हिस्सों (जिसमें छत्तीसगढ़ के इलाके भी शामिल हैं) और आसपास के प्रायद्वीपीय क्षेत्रों के लिए राहत की खबर कम है, क्योंकि यहाँ पारा सामान्य से अधिक चढ़ने की संभावना जताई गई है।

दिलचस्प बात यह है कि इस दौरान देश के अधिकतर हिस्सों में रातें ज्यादा गर्म रहने वाली हैं, क्योंकि न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है, सिवाय महाराष्ट्र और तेलंगाना के कुछ हिस्सों को छोड़कर जहाँ रात का तापमान सामान्य रह सकता है।

Chhattisgarh Weather।अगर खास तौर पर अप्रैल महीने की बात करें, तो देश के बड़े हिस्से में चिलचिलाती धूप से थोड़ी राहत मिल सकती है क्योंकि अधिकतम तापमान सामान्य रहने के आसार हैं।

लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों में सूरज के तेवर सख्त रहेंगे। विभाग ने एक गंभीर चेतावनी ‘उष्ण लहर’ यानी हीटवेव (लू) को लेकर भी दी है।

अप्रैल से जून के बीच पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत के कई राज्यों में सामान्य से अधिक दिनों तक लू चलने की आशंका है।

विशेष रूप से ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुड्डूचेरी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के साथ-साथ गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ क्षेत्रों में लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।

गर्मी के इन कड़े तेवरों के बीच राहत की सबसे बड़ी खबर बारिश को लेकर आई है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि इस साल पूरे देश में औसत वर्षा सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जो कि दीर्घावधि औसत (LPA) का 112 प्रतिशत से भी ज्यादा हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत को छोड़ दिया जाए, तो देश के लगभग सभी हिस्सों में झमाझम बारिश होने के आसार हैं, जो खेती और जलस्तर के लिए एक वरदान साबित हो सकता है।

हालांकि, पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून पूर्व और शुरुआती वर्षा सामान्य से कम रहने की चिंता बनी हुई है। कुल मिलाकर, आने वाले तीन महीने कहीं भीषण लू का टॉर्चर देंगे, तो कहीं सामान्य से ज्यादा बारिश सुकून लेकर आएगी।