रायपुर…महादेव ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क की जांच में सीबीआई को एक और अहम कड़ी हाथ लगी है। एजेंसी ने नेटवर्क में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के आरोपी अभिषेक कुमार को दुबई से भारत लौटते ही हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई के मुताबिक अभिषेक महादेव बुक के तहत चलने वाले ऑनलाइन बेटिंग ऑपरेशन में पैनल का समन्वय करने और रकम जुटाने के काम से जुड़ा था। जांच में दुबई में कथित तौर पर बेटिंग से हासिल रकम से अचल संपत्तियां खरीदने की बात भी सामने आई है।

गिरफ्तारी के बाद की गई तलाशी में सीबीआई को कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिली है। एजेंसी का कहना है कि बरामद सामग्री पहली नजर में महादेव बेटिंग नेटवर्क के संचालन से अभिषेक के जुड़ाव की ओर इशारा करती है। जांच एजेंसी के अनुसार अभिषेक का संपर्क इस मामले के प्रमुख आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी से भी रहा है।

हैदराबाद में गिरफ्तारी के बाद अभिषेक को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सीबीआई को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दी। इसके बाद आरोपी को रायपुर लाया गया, जहां सीबीआई कोर्ट में पेशी के बाद उसे दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। अब जांच एजेंसी उससे बेटिंग पैनल, रकम के लेन-देन और कथित तौर पर विदेश में बनाई गई संपत्तियों से जुड़े सवालों पर पूछताछ कर रही है।

महादेव बेटिंग एप से जुड़े मामले में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग थानों में दर्ज 13 एफआईआर सीबीआई को सौंपी गई थीं। एजेंसी के मुताबिक अब तक इस मामले में 100 आरोपियों के खिलाफ आठ आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इनमें एप के कथित प्रमोटर, पैनल संचालक, हवाला ऑपरेटर और कुछ सरकारी कर्मचारियों के नाम शामिल हैं।

जांच का दायरा अब उन लोगों तक भी बढ़ा हुआ है जो कार्रवाई से बचकर विदेश में हैं। सीबीआई के अनुसार मुख्य प्रमोटरों को भारत लाने के लिए अब तक सात रेड कॉर्नर नोटिस और दो प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, जबकि दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है। एजेंसी का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश के साथ कथित अपराध से हासिल रकम का पता लगाने की कार्रवाई भी जारी है।