CG News/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्कूली विद्यार्थियों के नशा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो में कुछ छात्राएं शराब पीती और बीड़ी-सिगरेट पीती नजर आ रही हैं।

बताया जा रहा है कि विद्यार्थियों ने खुद ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई का फैसला लिया है। इस प्रकरण में पांच छात्र और दो छात्राओं के नाम सामने आए हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद शाला प्रबंधन समिति की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में संबंधित विद्यार्थियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चर्चा हुई। शुरुआत में उन्हें तत्काल ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) देने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो, इसे ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय में बदलाव किया गया।

समिति ने तय किया कि संबंधित सात विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा। परीक्षा समाप्त होने के बाद उन्हें टीसी जारी की जाएगी। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इस संबंध में आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

स्कूल के प्राचार्य ने शाला प्रबंधन समिति के निर्णय की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) टीपी उपाध्याय को दी। डीईओ ने स्कूल के अन्य विद्यार्थियों के अनुशासन और हित को ध्यान में रखते हुए लिए गए निर्णय को उचित बताया है। प्राचार्य के मुताबिक, नशे से जुड़ी गतिविधियों के वीडियो में सामने आए पांच छात्रों और दो छात्राओं को मुख्य परीक्षा के बाद टीसी देने का निर्णय लिया गया है।

इस मामले पर पीजी कॉलेज की मनोवैज्ञानिक डॉ. अवंतिका कौशिल ने बच्चों के व्यवहार और नशे की प्रवृत्ति को लेकर अपनी राय रखी। उनका कहना है कि स्कूली उम्र में बच्चों में नशे की शुरुआत आसपास के माहौल और दोस्तों की संगत से हो सकती है। कई बार जिज्ञासा या मोबाइल पर अधिक समय बिताने के कारण भी बच्चे गलत गतिविधियों की ओर आकर्षित हो सकते हैं।

डॉ. कौशिल के अनुसार, ऐसी समस्याओं का समाधान बच्चों को डराने या धमकाने से नहीं होगा। उनसे आत्मीयता से बातचीत करना और जरूरत के अनुसार काउंसलिंग कराना अधिक प्रभावी हो सकता है।

मनोवैज्ञानिक ने कहा कि यदि विद्यार्थी स्कूल के समय या स्कूल से जुड़ी गतिविधियों के दौरान नशे जैसी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं, तो शिक्षकों और अभिभावकों को सतर्क रहने की जरूरत है। बच्चों को समझाइश देने के साथ उनकी रुचि, प्रतिभा और हुनर को पहचानकर सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।