Cg news: बोरे-बासी में आठ करोड़ का घोटाला , भ्राजपा ने कांग्रेस पर लगाया आरोप

CG News।छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्षी कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और दोहरे राजनीतिक रवैये को लेकर तीखा हमला बोला और ‘बोरे-बासी में आठ करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया है।

राज्य के मंत्री केदार कश्यप ने मजदूर दिवस के मौके पर ‘बोरे-बासी’ आयोजन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में इस परंपरा के नाम पर 8 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं और पार्टी ने जनधन की लूट के लिए किसी अवसर को नहीं छोड़ा।
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति को केवल इवेंट मैनेजमेंट और राजनीतिक दिखावे का माध्यम बनाया, जबकि भाजपा सरकार ने परंपराओं के संरक्षण और मजदूरों के सम्मान को प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा कि ‘बोरे-बासी तिहार’ के नाम पर सरकारी खजाने से भारी फिजूलखर्ची की गई, लेकिन जमीनी स्तर पर मजदूर और किसान बदहाल ही रहे। कश्यप ने कांग्रेस पर छत्तीसगढ़िया अस्मिता के अपमान और सांस्कृतिक पाखंड का भी आरोप लगाया।
प्रदेश भाजपा प्रदेश किरण देव ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर कांग्रेस पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर कांग्रेस का रवैया विरोधाभासी रहा है। उन्होंने दावा किया कि जब केंद्र सरकार ने इस विधेयक को प्रस्तुत किया, तब कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इसका विरोध किया।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने महिलाओं को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कानून को लागू करने की प्रक्रिया संवैधानिक प्रावधानों के तहत जनगणना और परिसीमन के बाद ही संभव है, जिसकी समयसीमा 2029 तक निर्धारित है।
उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पर की गई टिप्पणियों को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि उसे अपनी वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर आत्मचिंतन करना चाहिए।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की कथनी एवं करनी में अंतर अब जनता के सामने स्पष्ट हो चुका है तथा प्रदेश में उसकी राजनीति केवल विरोध और भ्रम फैलाने तक सीमित रह गई है।





