CG News- एक पल में उजड़ गया परिवार: कॉलेज में एडमिशन कराकर लौट रही दो बहनों को ट्रैक्टर ने कुचला, एक की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि सुहानी सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल खुशी को तुरंत श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर एम्स के लिए रेफर कर दिया है।

CG News-भिलाई। भिलाई में गुरुवार का दिन एक परिवार के लिए ऐसा कहर बनकर टूटा कि एडमिशन की सारी खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं। कॉलेज में दाखिला कराने के बाद अपनी तीसरी बहन से मिलने जा रही दो सगी बहनों को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
बहन से मिलने जा रही थीं, रास्ते में मौत ने रोका
यह दिल दहला देने वाली घटना सुपेला थाना क्षेत्र के कुठेलाभाठा स्थित आईआईटी भिलाई के गेट नंबर 2 के पास एक मोड़ पर हुई। लक्ष्मी नगर निवासी सुहानी सिंह और उसकी बहन खुशी सिंह गुरुवार को कुरुद के रूंगटा कॉलेज में एडमिशन कराने के बाद अपनी स्कूटी से नगपुरा जा रही थीं।
वहां चल रहे एनसीसी कैंप में उनकी तीसरी बहन शामिल है, वे दोनों उसी से मिलने के लिए निकली थीं, लेकिन मंजिल तक नहीं पहुंच सकीं।
एक ने मौके पर तोड़ा दम, दूसरी रायपुर रेफर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि सुहानी सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल खुशी को तुरंत श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर एम्स के लिए रेफर कर दिया है।
जैसे ही इस अनहोनी की खबर परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। मृतका सुहानी के पिता और अन्य परिजन बदहवास हालत में सुपेला अस्पताल की मर्चुरी पहुंचे।
पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।










