CG News : सीने में दर्द का बहाना पड़ा भारी, पत्नी की हत्या के आरोप में पति और सास गिरफ्तार

cg news/धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और मामले को प्राकृतिक मौत का रूप देने की कोशिश की। ग्राम हरदी में हुई इस घटना में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दावा किया था कि उसकी पत्नी की मृत्यु सीने में दर्द के कारण हुई है।
हालांकि, पुलिस की सूझबूझ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति और उसकी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 30 मार्च की है, जब पुलिस को ग्राम हरदी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को मृतिका के पति चन्द्रशेखर यादव ने बताया कि अचानक पत्नी के सीने में तेज दर्द उठा और उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने संदेह के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसकी रिपोर्ट ने मामले को पूरी तरह पलट दिया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि महिला की मौत सीने में दर्द से नहीं, बल्कि रस्सी से गला घोंटने के कारण हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जब मृतिका के पति चन्द्रशेखर से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक झूठ नहीं बोल सका और अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि शादी के बाद बच्चे नहीं होने के कारण उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर झगड़ा इतना बढ़ गया कि उसने आपा खो दिया और पास रखी एक रस्सी से अपनी पत्नी का गला घोंट दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी वारदात के दौरान आरोपी की मां रीना बाई यादव भी वहां मौजूद थी, जिसने इस अपराध में उसका साथ दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई काले रंग की रस्सी को जब्त कर लिया है। धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति चन्द्रशेखर यादव (26 वर्ष) और उसकी मां रीना बाई यादव (46 वर्ष) के खिलाफ धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




