CG News- कार्यपालक अभियंता सस्पेंड: वित्तीय अनियमितता मामले में हुई कार्रवाई

CG News/जशपुर। अतिरिक्त सुरक्षा निधि समय पूर्व जारी करने पर कार्यपालन अभियंता विजय जामनिक निलंबित
रायपुर/जशपुर। छत्तीसगढ़ जल संसाधन विभाग में एक बड़ी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है।
सुसडेगा व्यपवर्तन योजना के अनुबंध क्र. 19 डी.एल./2020-21 (दिनांक 15 फरवरी 2021) के अंतर्गत जमा की गई ₹2,93,90,000 (दो करोड़ तिरानवे लाख नब्बे हजार रुपये) की अतिरिक्त सुरक्षा निधि कार्य पूर्ण होने और पूर्णता प्रमाण पत्र जारी होने से पूर्व ही ठेकेदार को लौटा दी गई।इस गंभीर लापरवाही के लिए जल संसाधन संभाग जशपुर के तत्कालीन कार्यपालन अभियंता विजय जामनिक को शासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जांच में पाया गया कि श्री जामनिक ने नियमों के विरुद्ध कार्य करते हुए दो एफडीआर —एफडीआर नं. 1764903 (₹1,46,95,000), एफडीआर नं. 1764904 (₹1,46,95,000) को समय पूर्व मुक्त कर दिया। इससे ठेकेदार को अनुचित लाभ मिला।
वर्तमान स्थिति में अनुबंधित कार्य की प्रगति केवल 60 प्रतिशत ही है और ठेकेदार द्वारा इसे पूर्ण करने के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में यदि कार्य अधूरा रह जाता है तो विभाग उक्त राशि को राजसात नहीं कर पाएगा, जिससे विभागीय हितों को गंभीर क्षति पहुंचेगी।
राज्य शासन ने इसे वित्तीय अनियमितता, अनुशासनहीनता एवं गंभीर लापरवाही की श्रेणी में मानते हुए श्री जामनिक को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं।
निलंबन अवधि में श्री जामनिक का मुख्यालय मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार, जल संसाधन विभाग रायपुर निर्धारित किया गया है।निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।





