राजनांदगांव। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने गत दिवस विभिन्न कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में परामर्शदात्री समिति की बैठक ली। बैठक में कर्मचारी हित सें जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। बैठक में आयुक्त ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार कर्मचारी हित एवं उनकी समस्या के निराकरण के लिए परामर्शदात्री समिति का गठन किया गया है।

कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने बैठक बुलाई गई है।

बैठक में कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों ने प्रमुखता से हर माह वेतन भुगतान करने कर्मचारियों की पदोन्नति, क्रमोन्नति, कार्यरत  मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति देने तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अवकाश नगदीकरण, वेतन से काटी गई भविष्य निधि की राशि का भुगतान के अलावा नवीन अंशदायी पेंशन की राशि जमा नहीं होने तथा प्लेसमेंट कर्मचारियों को लंबे समय से वेतन नहीं मिलने व ईपीएफ  की राशि जमा नहीं होने एवं कर्मचारियों के क्वाटर की मरम्मत कराने के अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ को विभिन्न गतिविधियां संचालन हेतु राशि दिए जाने संबंधी विषयो पर बिन्दुवार चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि  कर्मचारी सघों की समय-समय पर बैठक बुलाकर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण किया जाएगा। तथा शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए पत्राचार किया जाएगा।

बैठक में कार्यपालन अभियंता दीपक खाण्डे, स्थापना प्रभारी राकेश नंदे सहित कर्मचारी संघों में नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ के जिला अध्यक्ष जिला इकाई गोकुल प्रसाद कवर, नगर निगम स्वास्थ्य कर्मचारी संघ दरोगा, वार्ड प्रभारी के अध्यक्ष प्रवीण झा, सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गोलू नायक, प्लेसमेंट ठेका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अजय मेश्राम, सेवानिवृत्त पेंशन संघ के अध्यक्ष दुर्गाराम साहू के अलावा सभी संघों के पदाधिकारी उपस्थित थे।