LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG News: मुंगेली में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन,अवैध मदिरा कारोबारियों पर गैरजमानती प्रकरण, ताबड़तोड़ छापेमारी जारी

मुंगेली/ कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग का सघन छापामार अभियान लगातार जारी है। होली पर्व को देखते हुए संभावित अवैध मदिरा संग्रहण पर रोक लगाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा पिछले एक सप्ताह से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान गैरजमानती प्रकरण कायम कर अवैध कारोबारियों पर प्रभावी अंकुश लगाया गया है।

इसी कड़ी में आज आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए दो गंभीर प्रकरण दर्ज किए। पहले प्रकरण में विकासखंड पथरिया के ग्राम चंदली में निर्मल बंजारे से 16 पाव ड्यूटी पैड मदिरा जप्त की गई।

आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण कायम कर गिरफ्तार किया गया। दूसरे प्रकरण में ग्राम खैरझिटी निवासी विरेन्द्र बंजारे के पास से 9.500 लीटर हाथ भट्ठी आसवित महुआ मदिरा जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत गैरजमानती प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

गौरतलब है कि 04 मार्च को होली पर्व के अवसर पर शुष्क दिवस घोषित है। ऐसे में अवैध मदिरा के भंडारण एवं विक्रय की आशंका को देखते हुए विभाग द्वारा सतत निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

जिला आबकारी अधिकारी  रविशंकर साय ने बताया कि अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा होली के दिन भी टीम क्षेत्र भ्रमण कर निगरानी करेगी। अन्य राज्यों की मदिरा के विरुद्ध होटल एवं ढाबों की औचक जांच भी की जा रही है। यह संयुक्त कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री रवीन्द्र पाण्डेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

टीम में वृत्त पथरिया की आबकारी उपनिरीक्षक  उम्मी रूमा, वृत्त लोरमी के उपनिरीक्षक अमित शाह, वृत्त मुंगेली के उपनिरीक्षक जयसिंह सहित मुख्य आबकारी आरक्षक एवं आरक्षकगण शामिल रहे।

Back to top button
close