रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की ईडी (ED) द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर स्थित ईडी कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार व जांच एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए ईडी अधिकारियों को खुली चेतावनी दी। उन्होंने कहा— “ऊपर वाले के घर देर है, अंधेर नहीं। ईडी वाले अभी समझ जाएं, प्रदेश में हमारी सरकार भी आएगी और तब एक-एक का हिसाब लिया जाएगा।”

“रामगोपाल अकेले नहीं, पूरी कांग्रेस उनके साथ खड़ी है”

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि पहले रामगोपाल अग्रवाल को पुलिस/EOW द्वारा गिरफ्तार कराया गया और अब ईडी ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रामगोपाल अग्रवाल इस लड़ाई में अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।

बीजेपी सरकार और ईडी पर गंभीर आरोप

  1. काल्पनिक तथ्य और बिना सबूत कार्रवाई: भूपेश बघेल ने ईडी के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल काल्पनिक तथ्य पेश किए जा रहे हैं। अगर करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है, तो ईडी बताए कि आखिर वह पैसा कहां है और कहां बरामद हुआ?
  2. वसूली का आरोप: पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में इस समय कानून-व्यवस्था ठप है और लूट-खसोट मची हुई है। उन्होंने दावा किया कि रायपुर के एक नामचीन होटल में बैठकर कौन वसूली कर रहा है, इसकी पूरी जानकारी कांग्रेस को है और सही वक्त आने पर इसका हिसाब किया जाएगा।

विशेष अदालत ने भेजा जेल

आपको बता दें कि कथित शराब घोटाला और कोयला लेवी मामले में ईडी ने रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर रायपुर की विशेष ईडी अदालत में पेश किया था। अदालत में सुनवाई के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जिसके बाद से ही कांग्रेस आक्रामक रुख अपनाए हुए है।