टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर हथौड़े से हमला, ज्वेलर्स से भरी कार लूटी वारदात के बाद नाकेबंदी, घटनास्थल से कार, बाइक और जिंदा कारतूस बरामद
शहर के बीचोंबीच सुनियोजित वारदात: ज्वेलर्स को घेरकर हमला, कार समेत माल पार

बिलासपुर… शहर के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर सोमवार रात करीब 9 बजे सुनियोजित लूट की वारदात ने सनसनी फैला दी। अज्ञात हमलावरों ने संतोष तिवारी को रास्ते में रोककर हथौड़े से हमला किया और उनकी मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार (क्रमांक CG-10 AH 7707) लूटकर फरार हो गए। कार में सोने-चांदी के आभूषण रखे होने की जानकारी सामने आई है।
संतोष तिवारी पूर्व पुलिस कर्मचारी हैं और राजकिशोर नगर में “मां लक्ष्मी ज्वेलर्स” का संचालन करते हैं। रोज की तरह रात लगभग 9 बजे दुकान बंद कर वे महावीर सिटी स्थित घर के लिए निकले थे। इसी दौरान टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने सिर पर हथौड़े से वार किया, जिससे वे घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी कार लेकर भाग निकले।
घटनास्थल पर पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG-10 P 0331) और एक अन्य कार (CG-10 BJ 8147) छोड़ी मिली है। पुलिस ने मौके से एक मैगजीन और कुछ जिंदा राउंड भी बरामद किए हैं, जिन्हें चलाया नहीं गया था। इससे आशंका गहराई है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे।
घायल संतोष तिवारी का उपचार कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में रखे आभूषणों की कीमत लाखों रुपये में हो सकती है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से राशि की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने शहर में तत्काल नाकेबंदी लागू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और विशेष टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि तेजी से सघन जांच चल रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि वारदात रिहायशी और व्यस्त इलाके में हुई। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।





