बिलासपु…समाज की असली ताकत उसकी एकजुटता और बदलती सोच में होती है। बिलासपुर में यादव समाज की दो गतिविधियां इसी सोच को सामने ला रही हैं। इमलीपारा स्थित श्रीकृष्णधाम यादव भवन में जिला देशहा यादव समाज की बैठक में मृत्यु भोज के आडंबर को छोड़ने और शोकाकुल परिवार को आर्थिक सहायता देने का सुझाव सामने आया, वहीं सर्व यादव समाज महिला प्रकोष्ठ नवरात्रि पर पहली बार दो दिवसीय गरबा महोत्सव आयोजित करने जा रहा है। एक पहल सामाजिक कुरीतियों पर पुनर्विचार की है, तो दूसरी महिलाओं और युवाओं को संस्कृति से जोड़ने की।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सर्व यादव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु यादव ने कहा कि समाज की असली ताकत एकता है। समाज तभी आगे बढ़ता है, जब लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े हों और समय के साथ अपनी सोच में जरूरी बदलाव लाएं। परंपराओं को सहेजना जरूरी है, लेकिन समाज की प्रगति में बाधक रूढ़ियों को छोड़ना भी उतना ही आवश्यक है। महिलाओं और युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना भी इसी बदलाव का हिस्सा है।

मृत्यु भोज में आडंबर छोड़ जरूरतमंद की मदद

इमलीपारा स्थित श्रीकृष्णधाम यादव भवन में आयोजित जिला देशहा यादव समाज की बैठक में संचालन समिति के सदस्य एवं पूर्व पार्षद विष्णु यादव ने एकता को समाज के विकास का आधार बताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियां विकास में बाधक हैं, इसलिए रूढ़िवादी व्यवस्था से बाहर निकलकर प्रगतिशील समाज के निर्माण की दिशा में काम करना चाहिए।

बैठक में संचालन समिति के सदस्य रामचंद्र यादव ने अंतिम संस्कार के लिए कपड़े देने की परंपरा के स्थान पर शोकाकुल परिवार को श्रद्धांजलि स्वरूप न्यूनतम आर्थिक सहायता देने का सुझाव दिया। उन्होंने मृत्यु भोज में आडंबर छोड़ सामान्य भोजन-प्रसाद की व्यवस्था करने की बात भी कही। संचालन समिति के सदस्य धन्नू यादव, जसवंत यादव और समाज के अध्यक्ष टीकाराम यादव ने भी विचार रखे।

महिला संगठन की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए जन्माष्टमी पर जिला अध्यक्ष नियुक्त की गईं प्रियंका यादव के बाद नगर अध्यक्ष भगवती यादव, उपाध्यक्ष सपना यादव और कोषाध्यक्ष शीला यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई। सरिता यादव और ममता यादव को भी जिम्मेदारी दी गई।

बैठक में महासचिव विजय यादव, कोषाध्यक्ष रामलाल यादव, भागीरथी, अमित, रामकुमार, बीरस, नंदकिशोर, अभिलेश, गौरीशंकर, सुखनंदन, अभिमन्यु, रामप्रसाद और राजकुमार यादव उपस्थित रहे।

पहली बार गरबा महोत्सव, छत्तीसगढ़ी में गुजराती रंग

सर्व यादव समाज महिला प्रकोष्ठ जिला एवं नगर इकाई की ओर से 14 और 15 अक्टूबर को तिलक नगर स्थित पुत्री शाला सामुदायिक भवन में गरबा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष गीता यादव और नगर अध्यक्ष पुष्पा यादव ने बताया कि आयोजन में शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं, युवतियां और बच्चे भी शामिल होंगे। इसके लिए नियमित अभ्यास किया जा रहा है।

14 अक्टूबर को केवल महिलाएं छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में माता रानी की पूजा-अर्चना के साथ गरबा करेंगी। 15 अक्टूबर को महिलाएं, पुरुष, युवतियां और बच्चे पारंपरिक गुजराती वेशभूषा में गरबा प्रस्तुत करेंगे। रायपुर के गायक और कलाकार भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। श्रेष्ठ नृत्य, समूह नृत्य, पारंपरिक वेशभूषा, गरबा किंग-गरबा क्वीन तथा बच्चों और वरिष्ठ वर्ग की प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कार एवं सम्मान की व्यवस्था की गई है।

आयोजन पूरी तरह निशुल्क रहेगा। कार्यक्रम शाम सात बजे से रात 11 बजे तक चलेगा। महिला पदाधिकारियों ने बताया कि उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने, नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने और समाज में आपसी मेलजोल बढ़ाने का है। आयोजन को हर साल जारी रखने की भी योजना है।

14 अक्टूबर के कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह,सुशांत शुक्ला तथा 15 अक्टूबर को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के शामिल होंगे।

गरबा महोत्सव की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में विष्णु यादव, जसवंत यादव, धन्नू यादव, बुधराम यादव, दुर्गेश यदु, मंजीत यादव, सतीश यादव, शिवचरण यादव, रामचंद्र यादव, विजय यादव, संतोष यादव, लक्ष्मी यादव, अभिमन्यु यादव, नंदकिशोर यादव, कृष्ण कुमार यादव, रमेश यादव, ओमकार यादव, समीर यादव, दीपक यादव, विक्की यादव, मनोज यादव, आशीष यादव, अनिल यादव, सीमा यादव, सरिता यादव, अंजली यादव और मंजू यादव सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।