चाकू-पाइप-बेल्ट से हमला.. गैंग का फरार पांचवां आरोपी गिरफ्तार..हथियार बरामद

बिलासपुर…तोरवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्राणघातक हमले के मुख्य आरोपी मोहम्मद इस्माइल खान निवासी गोविंद नगर, थाना सिरगिट्टी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त को टिकरापारा निवासी राहुल गोस्वामी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहा था,। इसी दौरान तितली चौक के पास तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आए 8 युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने चाकू, स्टिक, पाइप और बेल्ट से हमला कर दिया। हमले में उसे गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने प्रकरण में धारा 296, 351(2), 115(2), 109(1), 191(2), 191(3), 190 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर किया। शिकायत के बाद मामले में चार आरोपी अभय चौहान, मोहम्मद यूसुफ उर्फ कुणाल, गुलशन हडलेस्कर और अमन हथगेन को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। साथ ही फरार आरोपियों की पता साजी अभियान चलाया गया।
इस बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस को जानकारी मिली कि फरार आरोपी इस्माइल खान गोंदिया से ट्रेन से बिलासपुर आने वाला है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल टीम गठित कर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट जब्त किया है।
विधिवत कार्रवाई कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का दावा है तीन अन्य फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





