LIVE UPDATE
Chhattisgarh

ओरसा घाट हादसे के बाद सरकार का बड़ा फैसला: मृतकों के परिजनों को 5 लाख, घायलों को आर्थिक सहायता

ओरसा घाट त्रासदी: पीड़ित परिवारों को राहत, इलाज में नहीं होगी कमी...मुख्यमंत्री

बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी)…छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर स्थित ओरसा घाट के समीप हुई भीषण बस दुर्घटना के बाद राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत दी है। स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के कृषि मंत्री राम विचार नेताम के विशेष प्रयासों और त्वरित संज्ञान के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों एवं घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

ज्ञात हो कि 18 जनवरी 2026 को ओरसा घाट में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में कई यात्रियों की जान चली गई थी, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके शोकाकुल परिजनों से संपर्क किया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

कृषि मंत्री की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री द्वारा मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी गई है। वहीं दुर्घटना में घायल यात्रियों के उपचार के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही राहत एवं पुनर्वास कार्यों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने मुख्यमंत्री से तत्काल चर्चा कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत हृदयविदारक है और सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। पीड़ितों को हर संभव शासकीय सहायता सुनिश्चित की जा रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button