नेहरू चौक से कलेक्ट्रेट तक सियासी घेराव की तैयारी, प्रशासन अलर्ट.. कांग्रेस पार्टी का खुला समर्थन
निगम की सामान्य सभा में लिंगियाडीह का मुद्दा उठने के बाद कांग्रेस ने चक्का जाम

बिलासपुर…लिंगियाडीह में 90 दिनों से जारी आंदोलन को कांग्रेस ने खुला समर्थन देते हुए 19 फरवरी को कलेक्ट्रेट घेराव का ऐलान किया है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने धरनास्थल पर पहुंचकर महिलाओं के आंदोलन को समर्थन दिया और कहा कि मनरेगा बचाओ संग्राम तथा गरीबों के मकान तोड़ने के विरोध में कांग्रेस सड़क पर उतरेगी।
90 दिन से धरने पर महिलाएं
लिंगियाडीह बचाओ आंदोलन में महिलाएं लगातार तीन महीने से धरने पर बैठी हैं। आंदोलनकारियों का आरोप है कि गरीब परिवारों के मकान तोड़े जा रहे हैं और रोजगार के अवसर खत्म किए जा रहे हैं। गंगोत्री ने कहा कि कांग्रेस गरीब, किसान और मजदूर के साथ खड़ी है और किसी भी हालत में मकान टूटने नहीं देगी।
19 फरवरी को शक्ति प्रदर्शन
स्थगित कार्यक्रम के बाद अब 19 फरवरी को सुबह 11 बजे नेहरू चौक से कलेक्ट्रेट तक घेराव होगा। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव सहित कई वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने की तैयारी है। जिले भर से कार्यकर्ताओं को जुटने का संदेश दिया गया है।
प्रशासन अलर्ट, कलेक्ट्रेट परिसर में बढ़ी चौकसी
कांग्रेस के घेराव के ऐलान के मद्देनजर पुलिस और जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिला प्रशासन कार्यालय और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शाम तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
पहले चक्का जाम, अब बड़ा आंदोलन
निगम की सामान्य सभा में लिंगियाडीह का मुद्दा उठने के बाद कांग्रेस ने चक्का जाम किया था, जिस पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज किया। कांग्रेस इसे आंदोलन दबाने की कार्रवाई बता रही है।
महेंद्र गंगोत्री ने लिंगियाडीह के नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की और कहा कि मनरेगा बचाओ संग्राम को जिला स्तर पर व्यापक रूप दिया जाएगा।
लिंगियाडीह का संघर्ष अब प्रशासन और विपक्ष के बीच सीधा टकराव बनता दिख रहा है। 19 फरवरी का दिन तय करेगा कि यह आंदोलन किस दिशा में आगे बढ़ेगा।





