ओपन माइंड स्कूल में हादसा – सोलर पैनल लगाते समय मजदूर की मौत, ठेकेदार पर केस दर्ज

बिलासपुर…शहर के मोपका स्थित बिरला ओपन माइंड स्कूल में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। स्कूल की इमारत की छत पर सोलर पैनल लगाने का काम चल रहा था, इसी दौरान शिवरीनारायण निवासी मजदूर रामकुमार यादव ऊंचाई से गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने आरोप लगाया कि काम के दौरान मजदूरों को सुरक्षा बेल्ट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। सुरक्षा इंतज़ामों की इस बड़ी लापरवाही ने मजदूर की जान ले ली।
मामले में सरकंडा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठेकेदार धीरेन्द्र पन्ना के खिलाफ धारा 106(1) BNS के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच में यह बात साफ हुई कि कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़ा करता है कि मजदूरों की सुरक्षा को लेकर ठेकेदार और शैक्षणिक संस्थान कितने गंभीर हैं।





