रामानुजगंज..हनुमान जन्मोत्सव पर रामानुजगंज शहर आस्था, उत्साह और उल्लास के रंग में पूरी तरह डूबा नजर आया। मध्य बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई, जहां पुजारी धनंजय मिश्रा ने मुख्य यजमान अजय कुमार सोनी और सविता सोनी के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ कराया। पाठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और हवन-पूजन के बाद आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।

पुजारी धनंजय मिश्रा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि हनुमान जी कलयुग के ऐसे देवता हैं, जो सच्ची श्रद्धा से पूजे जाने पर तुरंत फल प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि हनुमान जी को शिव का अंश माना जाता है और उनकी उपासना से भय, रोग और संकट दूर होते हैं।

शाम होते ही उत्सव अपने चरम पर पहुंच गया। करीब 4 बजे मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकली, जिसमें सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। बाल हनुमान के रूप में सजे नन्हे भक्तों ने सभी का ध्यान खींचा, जबकि नगाड़ों और ढोल की गूंज ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। जय श्री राम और “जय हनुमान” के जयकारों के बीच श्रद्धालु झूमते-नाचते यात्रा के साथ आगे बढ़ते रहे।

शोभायात्रा पीपल चौक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं के लिए मिष्ठान वितरण की व्यवस्था की गई। इसके बाद यात्रा आड़त रोड, चांदनी चौक, लरंगसाय चौक और गांधी चौक से होती हुई कन्हर नदी तट स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर पहुंची। रास्ते भर युवाओं ने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों के साथ करतब दिखाए, जिसने उत्सव को और भी रोमांचक बना दिया।

श्रीराम मंदिर पहुंचने पर पुजारी यशपाल दुबे ने संध्या आरती करवाई। इसके बाद मंदिर परिसर में सैकड़ों दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा क्षेत्र दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं को लड्डू और चना का प्रसाद वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

इस पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त नजर आई। थाना प्रभारी अजय साहू अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और शोभायात्रा के मार्ग पर यातायात और भीड़ को नियंत्रित करते हुए व्यवस्था बनाए रखी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

हनुमान जन्मोत्सव पर आयोजित भव्य आयोजन शहर में आस्था, एकता और उत्सव का ऐसा संगम बनकर सामने आया, जिसने हर वर्ग के लोगों को एक सूत्र में जोड़ दिया।