IMD Alert 2025-अप्रैल की शुरुआत में ही देशभर में लू का कहर, IMD का अलर्ट जारी – इन राज्यों में हीटवेव तो कहीं बारिश का अंदेशा
दिल्ली में अप्रैल के शुरुआती दिनों में ही मई-जून जैसी तपन देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने 8 अप्रैल तक दिल्ली में हीटवेव के लिए येलो अलर्ट जारी किया

IMD Alert 2025-भारत के अधिकतर हिस्सों में अप्रैल की शुरुआत से ही गर्मी अपना रौद्र रूप दिखाने लगी है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक तापमान तेजी से बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हालात और खराब होने की चेतावनी दी है।
IMD Alert 2025/दिल्ली समेत कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया गया है, वहीं कुछ राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश के आसार हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अप्रैल के शुरुआती दिनों में ही मई-जून जैसी तपन देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने 8 अप्रैल तक दिल्ली में हीटवेव के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव जैसे एनसीआर के अन्य शहरों में फिलहाल हीटवेव का अलर्ट नहीं है, लेकिन तापमान इन इलाकों में भी 36-37 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
IMD Alert 2025/उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का दौर तेज होता जा रहा है। खासकर पश्चिमी यूपी के पांच जिलों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि 8 अप्रैल को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से कुछ हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
राजस्थान में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार करने लगा है और हीटवेव के संकेत मिल चुके हैं। वहीं पंजाब और हरियाणा में 7 से 9 अप्रैल तक लू चलने की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी तापमान 35 डिग्री पार कर गया है और मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि 8 अप्रैल को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
- बिहार में मौसम का मिजाज बिल्कुल अलग है। यहां 7 से 11 अप्रैल के बीच मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है और इसको देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं झारखंड में दक्षिण छत्तीसगढ़ और बंगाल की खाड़ी की ओर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश हो सकती है।
- उत्तराखंड में भी तापमान बढ़ा है लेकिन पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि राज्य के तीन जिलों में आज बारिश हो सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।
- दक्षिण भारत की बात करें तो केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और उत्तरी कर्नाटक में आज बारिश की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम बदला हुआ है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
- कश्मीर में भी पश्चिमी विक्षोभ के चलते ऊपरी इलाकों में बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 8 और 9 अप्रैल को कुछ हिस्सों में और बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है।