शादी का झांसा, फिर दरिंदगी— पुलिस ने आरोपी को दबोचा
ऑपरेशन मुस्कान’ में बड़ा खुलासा: नाबालिग को बहला कर ले गया, दुष्कर्म के बाद गिरफ्तार

बिलासपुर…नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को कोनी पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहृत बालिका को सुरक्षित बरामद करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है।
मामला 6 मई 2026 का है, जब ग्राम रमतला निवासी राजेंद्र साहू ने थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और विशेष टीम गठित कर पतासाजी प्रारंभ की।
तकनीकी साक्ष्यों और लगातार प्रयासों के आधार पर पुलिस ने बालिका को आरोपी के कब्जे से सुरक्षित बरामद कर लिया। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी भीमा सूर्यवंशी , निवासी ग्राम रमतला, ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है । कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कोनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल एक गंभीर अपराध का खुलासा हुआ, बल्कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता भी सामने आई है।





