गोलियों का जश्न’: वायरल VIDEO से सियासत में भूचाल, जांच तेज
रील के चक्कर में रिवॉल्वर: शादी में हर्ष फायरिंग से मचा हंगामा

रायपुर… राजधानी रायपुर में एक शादी समारोह के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। यह मामला भाजपा नेत्री मोनिका सिंह के भाई की शादी से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां जश्न के बीच खुलेआम हथियारों के साथ फायरिंग होती दिखाई दे रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में फिल्मी गानों की धुन पर लोग रील बनाते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान कुछ लोग बंदूक और पिस्टल लहराते हुए हवाई फायरिंग करते दिख रहे हैं। वीडियो में ऋतुपर्ण सिंह भी नजर आ रहे हैं, जो कथित तौर पर इस फायरिंग में शामिल बताए जा रहे हैं।
घटना के सामने आते ही प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस प्रवक्ता अभय नारायण ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इस पूरे मामले की कड़ी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में हथियारों का इस तरह इस्तेमाल बेहद गंभीर मामला है और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं रायपुर पुलिस का कहना है कि अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार लाइसेंसी थे या नहीं और फायरिंग किन परिस्थितियों में की गई।
इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक समारोहों में हथियारों के प्रदर्शन और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिस पर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।





