मोबाइल संकेत गायब, वी उपभोक्ताओं का टूटा भरोसा.., लोगों की जिंदगी थमी
वी की सेवा पर उठे सवाल, उपभोक्ताओं ने जताई नाराजगी

रामानुजगंज (पृथ्वी लाल केशरी): शनिवार, 9 मई 2026 को सुबह लगभग 11 बजे रामानुजगंज क्षेत्र में वी कंपनी की मोबाइल सेवा अचानक ठप हो गई। मोबाइल में संकेत पूरी तरह गायब हो जाने से उपभोक्ताओं को दिनभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोग घंटों तक सेवा बहाल होने का इंतजार करते रहे, लेकिन देर शाम तक स्थिति सामान्य नहीं हो सकी। इस दौरान बातचीत, संदेश भेजने तथा इंटरनेट से जुड़े सभी कार्य प्रभावित रहे। व्यापार और दैनिक कामकाज पर भी इसका सीधा असर पड़ा।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण इस प्रकार की समस्याएं सामने आ रही हैं। इससे कंपनी की साख पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इसी तरह की स्थिति बनी रही तो वे दूसरी सेवाओं की ओर रुख कर सकते हैं।
देर शाम सेवा बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन इस घटना ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।





