एक ही घर में चार लाशें: बच्चों का कत्ल, मां लापता ,तलाश तेज
चार मासूमों की हत्या से दहला शहर, मां पर शक

अंबेडकरनगर : अकबरपुर के मीरानपुर मोहल्ले में चार बच्चों की हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। चार मंजिला मकान के एक कमरे से चारों बच्चों के शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की।
कमरे के भीतर मिला खौफनाक मंजर
दोपहर करीब तीन बजे के बाद पुलिस को सूचना मिली कि एक मकान के अंदर बच्चों के शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि एक कमरे में चारों बच्चे मृत अवस्था में पड़े हैं। मृतकों की पहचान सफीक 14 साल, सऊद 10 साल, उमर 8 साल और बयान बानो 6 साल के रूप में हुई है l
मां पर शक, घटना के बाद से लापता
घटना के वक्त बच्चों की मां गाजिया खातून घर पर मौजूद थी, लेकिन वारदात के बाद से वह गायब है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या में मां की संलिप्तता की आशंका जताई है और उसकी तलाश में टीमें लगा दी हैं।
परिवारिक तनाव और विवाद की जांच
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की बातें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि बच्चों का पिता पिछले एक साल से सऊदी अरब में रह रहा है। उसके दूसरी शादी करने की चर्चा से परिवार में तनाव था। संपत्ति विवाद की भी आशंका जताई जा रही है।
फॉरेंसिक जांच और पुलिस कार्रवाई
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने साफ कहा है कि सभी पहलुओं पर जांच चल रही है और ठोस सबूतों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
इलाके में दहशत, कई सवाल बाकी
एक ही परिवार के चार बच्चों की हत्या ने पूरे इलाके में डर और आक्रोश का माहौल बना दिया है। सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या सच में मां ही इस वारदात के पीछे है, या मामला कुछ और है?





