LIVE UPDATE
Chhattisgarh

CG News- सरकारी जमीन से अतिक्रमण न हटाने के बदले 1 लाख की घूस लेते सरपंच रंगे हाथ गिरफ्तार

CG News-छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने गुरुवार को एक सरपंच को रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए दबोच लिया है।

बेमचा ग्राम पंचायत के सरपंच देवेंद्र चंद्राकर पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी जमीन से अतिक्रमण न हटाने के एवज में एक व्यक्ति से भारी-भरकम रिश्वत की मांग की थी। इस कार्रवाई के बाद से जिले के प्रशासनिक और पंचायत गलियारों में हड़कंप मच गया है।

पूरा मामला महासमुंद शहर से लगी ग्राम पंचायत बेमचा की बेशकीमती सरकारी जमीन से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, खसरा नंबर 3110-3 की करीब 1 एकड़ 92 डिसमिल सरकारी भूमि पर अजय कुर्रे नामक व्यक्ति का लंबे समय से कब्जा था।

आरोप है कि अजय ने इस सरकारी जमीन को अलग-अलग टुकड़ों में कई लोगों को बेच दिया था, जिसमें से एक हिस्सा महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय के लाइब्रेरियन सूरज रात्रे ने भी खरीदा था। लगभग छह महीने पहले इस भूमि को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और कब्जाधारियों के बीच तीखा विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला सिटी कोतवाली थाने तक पहुंचा और दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी।

विवाद को शांत करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को ठंडे बस्ते में डालने के लिए सरपंच देवेंद्र चंद्राकर और वर्तमान कब्जाधारी सूरज रात्रे के बीच सौदेबाजी शुरू हुई। बताया जा रहा है कि सरपंच ने अतिक्रमण न हटाने के बदले 4 लाख रुपये की मांग की थी। रिश्वत की इस मांग से परेशान होकर सूरज रात्रे ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) का दरवाजा खटखटाया और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और शिकायतकर्ता को रिकॉर्डिंग उपकरण उपलब्ध कराए, जिसमें सरपंच और उनके बीच हुई पैसों की बातचीत के पुख्ता सबूत कैद हो गए।

गुरुवार शाम करीब 4 बजे जब सरपंच देवेंद्र चंद्राकर जनपद पंचायत कार्यालय के समीप सूरज रात्रे से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये ले रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से सरपंच को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

टीम ने तत्काल उनके हाथ धुलवाए, जिसमें नोटों पर लगे रसायनों के कारण रंग बदल गया, जो रिश्वत लेने का वैज्ञानिक प्रमाण है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी सरपंच को पुलिस कंट्रोल रूम लाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

Back to top button
close