IPL 2026- IPL 2026 का शंखनाद, डिफेंडिंग चैंपियन RCB के सामने खिताब बचाने की चुनौती, क्या पंजाब, दिल्ली या लखनऊ का खत्म होगा 19 सालों का सूखा?
इस साल सबसे बड़ा सवाल उन तीन टीमों को लेकर है जो अब तक चैंपियन नहीं बन पाई हैं—पंजाब किंग्स (PBK), दिल्ली कैपिटल्स (DC) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)। पंजाब और दिल्ली की स्थिति सबसे ज्यादा चर्चा में रहती है, क्योंकि ये दोनों टीमें आईपीएल के पहले ही सीजन (2008) से लीग का हिस्सा हैं, लेकिन 19 साल बीत जाने के बाद भी उनकी झोली खाली है।

IPL 2026/दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का नया सीजन अब बस कुछ ही दिनों की दूरी पर है। एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर 10 टीमों के बीच श्रेष्ठता की जंग देखने को मिलेगी। इस बार का सीजन बेहद खास होने वाला है, क्योंकि एक तरफ वे टीमें हैं जो पांच-पांच बार ट्रॉफी जीतकर अपना दबदबा कायम कर चुकी हैं, तो दूसरी तरफ वे टीमें हैं जिन्हें आज भी अपने पहले खिताब का बेसब्री से इंतजार है।

IPL 2026/इस साल सभी की निगाहें विशेष रूप से उन तीन टीमों पर टिकी हैं जिन्होंने अब तक एक बार भी आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी को नहीं छुआ है।
आईपीएल के इतिहास पर नजर डालें तो चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) सबसे सफल टीमें रही हैं, जिनके नाम 5-5 खिताब दर्ज हैं। हालांकि, पिछले साल यानी 2025 में आईपीएल के इतिहास का एक बड़ा सूखा खत्म हुआ था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), जिसे लंबे समय तक ‘बिना ट्रॉफी वाली टीम’ कहा जाता था, ने आईपीएल 2025 जीतकर अपना पहला खिताब अपने नाम किया। इस बार आरसीबी की टीम डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान में उतरेगी और सीजन के पहले ही मुकाबले में उसका सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा, जो खुद भी बेहद संतुलित टीम मानी जा रही है।
इस साल सबसे बड़ा सवाल उन तीन टीमों को लेकर है जो अब तक चैंपियन नहीं बन पाई हैं—पंजाब किंग्स (PBK), दिल्ली कैपिटल्स (DC) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)। पंजाब और दिल्ली की स्थिति सबसे ज्यादा चर्चा में रहती है, क्योंकि ये दोनों टीमें आईपीएल के पहले ही सीजन (2008) से लीग का हिस्सा हैं, लेकिन 19 साल बीत जाने के बाद भी उनकी झोली खाली है। वहीं, लखनऊ की टीम ने कुछ साल पहले ही लीग में प्रवेश किया है, लेकिन उनके साथ ही आई गुजरात टाइटंस ने पहले ही प्रयास में ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया था, जबकि लखनऊ का इंतजार अब भी जारी है।
दिलचस्प बात यह है कि पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी किस्मत बदलने के लिए अपना नाम और लोगो तक बदल डाला, लेकिन मैदान पर उनकी किस्मत अब तक नहीं बदली।
पंजाब का नाम पहले ‘किंग्स इलेवन पंजाब’ था, जिसे बदलकर ‘पंजाब किंग्स’ किया गया। इसी तरह ‘दिल्ली डेयरडेविल्स’ ने अपना नाम बदलकर ‘दिल्ली कैपिटल्स’ किया। इस बदलाव के बाद दोनों टीमें फाइनल तक तो पहुंचीं, लेकिन खिताब तक पहुंचने का उनका सफर अधूरा ही रहा।
अब जब आईपीएल 2026 की शुरुआत होने वाली है, तो क्रिकेट गलियारों में यही चर्चा है कि क्या हमें इस बार कोई नया चैंपियन मिलेगा? क्या शिखर धवन की पंजाब, ऋषभ पंत की दिल्ली या केएल राहुल की लखनऊ की टीम इस बार इतिहास रचने में कामयाब होगी? या फिर चेन्नई, मुंबई, कोलकाता या डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी जैसी टीमें एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम करेंगी?

