पुलिस परेशान कर रही है…’ मौत से पहले युवक का वीडियो वायरल, कोरबा में पुलिसिया रवैये पर सवाल
मौत से पहले कैमरे पर सच? ‘पुलिस परेशान कर रही है’ कहकर युवक ने उठाया खौफनाक कदम

कोरबा.. जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी इलाके में रहने वाले 21 वर्षीय सनद कश्यप की मौत से पहले बनाया गया एक वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक ने पुलिसकर्मियों की पूछताछ और लगातार दबाव को अपनी मानसिक परेशानी की वजह बताया है।
वर्कशॉप में मैकेनिक था युवक
मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के चोरभट्टी गांव निवासी सनद कश्यप के रूप में हुई है। वह पताड़ी के पास स्थित अशोक लीलैंड कंपनी के वर्कशॉप में मैकेनिक के रूप में काम करता था और कंपनी की ओर से उपलब्ध कराए गए कमरे में रह रहा था।
रूममेट के फरार होने के बाद शुरू हुई पूछताछ
जानकारी के अनुसार सनद के साथ रहने वाला धीरेंद्र पाटले कुछ समय पहले गेवरा क्षेत्र की एक युवती के साथ फरार हो गया था। मामले में जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी और इसी सिलसिले में सनद कश्यप से भी पूछताछ की गई थी।
मौत से पहले वीडियो में लगाए आरोप
मृत्यु से पहले युवक ने अपने दोस्तों को एक वीडियो भेजा। वीडियो में उसने कहा कि पुलिसकर्मी उसे धीरेंद्र और युवती को भगाने में मदद करने का आरोप लगाकर गाली-गलौज कर रहे थे l बार-बार थाने बुलाने की बात कह रहे थे। युवक ने वीडियो में यह भी कहा कि परिवार की ओर से उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं था, लेकिन लगातार डांट-फटकार और थाने बुलाए जाने के डर से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था।
परिवार में सबसे छोटा था सनद
बताया जा रहा है कि सनद कश्यप चार भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जांच की बात कह रही पुलिस
घटना के बाद उरगा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार सूचना मिलने के बाद पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है और वीडियो की भी पड़ताल की जाएगी।





