मेगा ऑपरेशन: 14 वारंटी दबोचे, चाकू-शराब जब्त, 16 आरोपी सलाखों के पीछे
होली के रंग से पहले कानून का रंग: 24 घंटे में वारंटी, आर्म्स एक्ट और आबकारी में बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर… होली के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने एक साथ कई मोर्चों पर कड़ी कार्रवाई की। रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान में सिरगिट्टी और मस्तुरी क्षेत्रों में वारंटियों की धरपकड़, आर्म्स एक्ट में गिरफ्तारी और अवैध शराब के खिलाफ बड़ी रेड कार्रवाई की गई। कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और जेल दाखिल कराया गया।
वारंटियों पर शिकंजा, चाकू के साथ 3 गिरफ्तार
सिरगिट्टी क्षेत्र में पुलिस ने 8 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़कर वर्षों से लंबित मामलों में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई। साथ ही 3 आरोपियों के कब्जे से 3 धारदार चाकू जब्त किए गए और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जेल भेजा गया।
इसके अलावा 2 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें भी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी के दौरान यह कार्रवाई की गई ताकि त्योहार के दौरान कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ न सके।
मस्तुरी में नशे पर प्रहार, तीन गांवों में रेड
मस्तुरी पुलिस ने ग्राम सरगवा, कर्रा और भोथीडीह में छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार पर चोट की। कुल 18 लीटर से अधिक देशी प्लेन और कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
तीन आरोपियों को आबकारी एक्ट की धाराओं 34(1) और 34(2) के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत हजारों रुपये बताई गई है।
हुड़दंग और नशे पर जीरो टॉलरेंस
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान मारपीट, हथियारबंदी, नशाखोरी और अवैध गतिविधियों पर शून्य सहनशीलता की नीति लागू रहेगी। लगातार पेट्रोलिंग, वारंट तामिली और मुखबिर तंत्र के आधार पर की जा रही कार्रवाई से साफ संकेत गया है कि त्योहार की आड़ में अराजकता फैलाने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा।





