CG News-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की दिनदहाड़े हत्या, आरोपी ने वारदात के बाद खुद भी की आत्महत्या

CG News,Balod Double Death Case: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की उसी के कार्यस्थल पर घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिल दहला देने वाली बात यह है कि हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने भी आंगनबाड़ी परिसर में ही फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस दोहरी मौत की खबर के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
आंगनबाड़ी में घुसकर किया हमला
घटना बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, मृतिका योगेश्वरी देवांगन रोज की तरह अपने काम पर आंगनबाड़ी पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी लखन लाल देवांगन वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई, जिसके बाद आक्रोशित लखन ने चाकू निकालकर योगेश्वरी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना भयानक था कि योगेश्वरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जेल से छूटते ही बना ‘काल’
CG News,Balod Double Death Caseपुलिस जांच में इस हत्याकांड के पीछे एक पुरानी रंजिश और गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतिका योगेश्वरी ने ही आरोपी लखन लाल देवांगन के खिलाफ पूर्व में दुष्कर्म (Rape Case) की शिकायत दर्ज कराई थी।
इस मामले में लखन को जेल हुई थी और वह सजा काट रहा था। हाल ही में, जनवरी 2026 में वह जमानत पर जेल से रिहा होकर अपने घर आया था। माना जा रहा है कि जेल जाने का बदला लेने की नियत से उसने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने दी जान
अपनी प्रतिशोध की आग में योगेश्वरी की जान लेने के बाद आरोपी लखन ने भागने के बजाय वहीं खुदकुशी कर ली। उसने आंगनबाड़ी परिसर के भीतर ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। एक ही स्थान पर दो शव मिलने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई और परिजनों का हाल
CG News,Balod Double Death Case,देवरी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला रंजिश का लग रहा है, क्योंकि आरोपी हाल ही में जेल से छूटा था।
इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मृतिका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग इस दिनदहाड़े हुई हत्या से सहमे हुए हैं। पुलिस गांव वालों और मृतकों के करीबियों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की कड़ियों को और बारीकी से जोड़ा जा सके।





