SIR News- विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही पर 4 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को नोटिस जारी

हरदा/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ जैन ने विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 – लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के प्रकरणों के सत्यापन कार्य में लापरवाही बरतने पर विधानसभा क्षेत्र 134-टिमरनी के 4 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को नोटिस जारी किये है।
जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किये गये है, उनमें उपवनक्षेत्रपाल वनमण्डल हरदा सुकुमार उइके व रामलाल मरापे, पशु चिकित्सा अधिकारी भावना रानी तथा उपयंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री मधुर सक्सेना शामिल है।
सभी संबंधित अधिकारियों को सूचना प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर समक्ष में उपस्थित होकर अपना प्रति उत्तर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये है। जवाब संतोषप्रद न होने की स्थिति में संबंधित के विरूद्ध एक पक्षीय कार्यवाही की जायेगी।
निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिये शासकीय आईटीआई हरदा में एक दिवसीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस मेले ‘‘युवा संगम’’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी श्री लक्ष्मण सिंह सिलोटे ने बताया कि यह मेला 12 फरवरी को प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा।
मेले में विभिन्न कम्पनियों द्वारा तकनीकी एवं गैर तकनीकी क्षेत्र में बेरोजगार युवक युवतियों की भर्ती की जायेगी। इस रोजगार मेले में 5 वी, 8वी, 10वी, 12वी, आईटीआई डिप्लोमा, स्नातक व स्नातकोत्तर उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष तक की आयु के युवा भाग ले सकते है।
जिला रोजगार अधिकारी सिलोटे ने बताया कि मेले में भाग लेने के इच्छुक युवा अपने सभी मूल दस्तावेज अंकसूची, निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड व परिचय पत्र की फोटोकॉपी, समग्र आईडी तथा 4 पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होकर मेले का लाभ प्राप्त कर सकते है। मेले में भाग लेने के लिये किसी भी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में विद्याथिर्यों से संवाद कर परीक्षा से जुड़े तनाव और शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के उत्कृष्ट विद्यालय, जबलपुर के छात्र आयुष तिवारी ने प्रधानमंत्री मोदी से प्रश्न किया कि कई बार वे शिक्षकों की पढ़ाने की गति से तालमेल नहीं बिठा पाते हैं, उसे कैसे मैच करें? इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने विद्यार्थियों को समझाते हुए शिक्षकों से भी आग्रह किया कि अपने अध्यापन की स्पीड विद्यार्थियों के सीखने की गति के अनुरूप रखें। लेसन प्लान विद्याथिर्यों के साथ पूर्व से ही साझा करें।
विद्यार्थी वह चेप्टर पहले से पढें, अध्ययन करें जो शिक्षक भविष्य में कक्षा में पढाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की गति से सामंजस्य बैठाने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि पहले अपने को जोड़ो, फिर मन को जोड़ो। उसके बाद पढाई के विषय शुरू करो। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि मन को जोड़ने का अर्थ है, विषय की तमाम जानकारियां जुटाना और जोड़ने का अर्थ है, एकाग्रता बनाए रखना। इससे आपकी समझ मजबूत होगी और आप एक कदम आगे चलेंगे।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विद्यार्थियों के साथ आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में तनावमुक्त जीवन, समय प्रबंधन, अनुशासन, जीवन कौशल एवं व्यवसायिक विकास के महत्वपूर्ण मंत्र दिए। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिले की सभी शासकीय और निजी शालाओं में इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। हरदा के महात्मा गांधी हायर सेकण्ड्री स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गेहलोत ने कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच रखें। हमारे जीवन में हम यदि सकारात्मक सोच रखेंगे तो निश्चित ही सफलता के शीखर पर पहुँचेंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा ने सभी विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारियों के लिये शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी सहित विद्यालय के शिक्षक शिक्षिका व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
9 फरवरी को होगा अगला प्रसारण
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का अगला प्रसारण 9 फरवरी 2026 को होगा। जिसमें प्रधानमंत्री श्री मोदी देश के विभिन्न अंचलों के विद्यार्थियों के साथ चर्चा करेंगे। यह कार्यक्रम विभिन्न संचार माध्यमों पर सुबह 10 बजे से प्रसारित किया जायेगा। प्रदेश के विद्यालयों में उक्त कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।




