ASP Suspend: स्पा संचालक से वसूली मामले में घिरे एएसपी राजेंद्र जायसवाल, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दिए निलंबन के आदेश

ASP Suspend: रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तत्कालीन एडिशनल एसपी (एएसपी) राजेंद्र जायसवाल पर अवैध वसूली और डराने-धमकाने के संगीन आरोप लगे हैं।
ASP Suspend।सोशल मीडिया पर एक वीडियो और चैट वायरल होने के बाद प्रदेश के गृहमंत्री एवं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने इस पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए हैं कि आरोपी अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
यह पूरा विवाद बिलासपुर के एक वेलनेस स्पा सेंटर से जुड़ा है। वर्तमान में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में पदस्थ एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल का एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें वे स्पा संचालक के साथ कथित तौर पर लेनदेन को लेकर बातचीत और उसे धमकाते नजर आ रहे हैं।
स्पा संचालक लोकेश सेन और अमन सेन ने बिलासपुर रेंज के आईजी संजीव शुक्ला को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि एएसपी उन पर मासिक ‘बंदी’ यानी निश्चित रकम देने का दबाव बना रहे थे। संचालक का दावा है कि पैसे न देने पर पुलिस बेवजह स्पा में चेकिंग कर व्यापार को नुकसान पहुँचाने और बदनाम करने की धमकी देती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें सात दिनों के भीतर वायरल वीडियो, व्हाट्सएप चैट और शिकायत में दिए गए अन्य साक्ष्यों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
हालांकि, जांच प्रक्रिया के बीच ही गृहमंत्री विजय शर्मा के सख्त निर्देश ने विभाग में हड़कंप मचा दिया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि पुलिस का काम जनता की सुरक्षा करना है, न कि उन्हें डराकर वसूली करना। उन्होंने साफ किया कि ऐसे आचरण वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।




