LIVE UPDATE
Bilaspur

मारपीट हुई, चाकू नहीं चला — कस्तुरबा नगर मामले में तथ्य और अफवाह के बीच फर्क साफ

जांच कुछ और, खबरें कुछ और — कस्तुरबा नगर घटना पर सीनियर पुलिस का स्पष्टीकरण

बिलासपुर…थाना सिविल लाइन क्षेत्र के कस्तुरबा नगर में 13 जनवरी की दोपहर मोटरसाइकिल चलाने को लेकर हुए विवाद को लेकर शहर में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कुछ समाचार माध्यमों में इस घटना को चाकूबाजी के रूप में प्रस्तुत किया गया, जबकि जांच और मेडिकल परीक्षण में इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं और मेडिकल रिपोर्ट में जो चोटें पाई गई हैं, वे हार्ड एवं ब्लंट ऑब्जेक्ट से लगने की श्रेणी में आती हैं। रिपोर्ट में कहीं भी चाकू या किसी धारदार हथियार से चोट का उल्लेख नहीं है।

जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान एक पक्ष से नाबालिग बालक द्वारा पेचकस से मारपीट तथा उसकी माता द्वारा महिला से हाथापाई की गई। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से महिला द्वारा ईंट फेंकने और एक अन्य नाबालिग द्वारा लोहे की रॉड से मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध किए हैं।

सीनियर पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में नाबालिगों की संलिप्तता को देखते हुए किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नाबालिगों की पहचान सार्वजनिक करना कानून और स्थापित दिशा-निर्देशों के विपरीत है।

घटना को लेकर तथ्यहीन शब्दों और अपुष्ट सूचनाओं के प्रसार से क्षेत्र में अनावश्यक तनाव का माहौल बना। पुलिस जांच के आधार पर स्थिति स्पष्ट होने के बावजूद अलग-अलग तरह की खबरें सामने आने से आमजन में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हुई।

फिलहाल मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है और पुलिस स्तर पर पूरे घटनाक्रम की तथ्यात्मक जांच की जा रही है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close