अंतर्राज्यीय उठाईगिरी गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार.. इस तरह खुला राज
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही…पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय उठाईगिरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई नगद रकम, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया गया है।
34,500 की चोरी से खुला राज़
पेण्ड्रा थाना क्षेत्र के जैन मोहल्ला में एक शिक्षक की मोटरसाइकिल की डिक्की से ₹34,500 चोरी होने की घटना ने पुलिस को सक्रिय कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर सेल और थाना पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की और गिरोह का पर्दाफाश किया।
मुख्य आरोपी समेत फरार बदमाश गिरफ़्तार
ग्राम अमलाई, जिला शहडोल (मध्यप्रदेश) से मुख्य आरोपी चंद्रभान नट उर्फ बब्लू नट और करन साहू को गिरफ्तार किया गया। वहीं, वर्ष 2023 में गौरेला बैंक लूटकांड में फरार चल रहे राजू नट और सूरज द्विवेदी को भी पकड़ लिया गया।
आपराधिक इतिहास
यह गिरोह 2 से 4 सदस्यों के समूह में बैंक और बाजार क्षेत्र की रेकी करता था। बैंक से निकलने वाले ग्राहकों का पीछा कर वाहन की डिक्की तोड़कर नगदी और कीमती सामान चुरा लेता था। गिरोह छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और ओडिशा में सक्रिय था।
चंद्रभान नट पर उठाईगिरी, नकबजनी, डकैती की तैयारी और आर्म्स एक्ट सहित 13 मामले दर्ज हैं।करन साहू पर 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। राजू नट पर लूट और बैंक उठाईगिरी सहित 3 मामले, सूरज द्विवेदी पर जुआ एक्ट व लूट का एक मामला दर्ज है।
एसपी की अपील
पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत ने बताया कि अपराधियों पर लगातार अभियान चलाकर शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंक या बाजार क्षेत्र में सतर्क रहें, वाहन की डिक्की या खुले स्थान पर नगदी व कीमती सामान न रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को दें।





