LIVE UPDATE
Chhattisgarh

16.50 लाख की ठगी.. बैंक एजेंट बनकर दिया अन्जाम..दोनों गिरफ्तार

कवर्धा…कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र में बैंक लोन एजेंट बनकर एक व्यक्ति से 16.50 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना जुलाई 2024 में हुई थी, जिसकी शिकायत 24 फरवरी 2025 को थाना कुकदुर में दर्ज कराई गई थी। मामले की जानकारी 17 सितंबर 2025 को शताब्दी टाइम्स में प्रकाशित हुई।

शिकायतकर्ता गणेश राम धुर्वे, ग्राम बुचीपारा, पंडरिया ने पुलिस को बताया कि नेतराम डहरिया नामक व्यक्ति ने खुद को बैंक का लोन एजेंट बताकर उनके कृषि भूमि से संबंधित दस्तावेज और हस्ताक्षर प्राप्त किए थे। इसके बाद नेतराम अपने साथी बैंक कर्मचारी के साथ मिलकर गणेश राम के नाम पर कृषि ऋण केसीसी लोन स्वीकृत कराकर पूरी राशि को उनके खाते से एटीएम और ऑनलाइन माध्यम से निकाल लिया।

मामले में थाना कुकदुर में अपराध क्रमांक 29/2025 दर्ज कर धारा 318(4), 3(5) बी.एन.एस. 2023 तथा धारा 66(सी) आईटी एक्ट 2000 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने विवेचना के दौरान पीड़ित और गवाहों के बयान लिए तथा एक्सिस बैंक कवर्धा और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया चंदनीडीह से संबंधित लेन-देन के रिकॉर्ड जब्त किए।

जांच पूरी होने के बाद 15 सितंबर 2025 को पुलिस ने आरोपी गिरीश कुमार वर्मा, निवासी कुम्हारी (जिला दुर्ग) और नेतराम डहरिया, निवासी इंदौरी (जिला कबीरधाम) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल कबीरधाम भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि इस तरह की धोखाधड़ी में बैंक दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी लोन स्वीकृत कर राशि निकालना शामिल है। अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close