Chhattisgarh

रायपुर-जगदलपुर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन..मंत्री केदार कश्यप की बर्खास्तगी की मांग.. झूमा झटकी में कई घायल

रायपुर/जगदलपुर…चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के साथ मंत्री केदार कश्यप द्वारा कथित मारपीट और गाली-गलौज के आरोपों के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को पूरे प्रदेश में आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। रायपुर और जगदलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री कश्यप की बर्खास्तगी की मांग करते हुए उनके सरकारी आवास और कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई, जिसमें कई सुरक्षाकर्मी और महिला पुलिसकर्मी घायल हो गए।

रायपुर में शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने मंत्री कश्यप के खिलाफ विरोध जताते हुए राजीव चौक से रैली निकाली। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता मंत्री के सरकारी बंगले की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने मोती बाग चौक पर बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बावजूद कार्यकर्ता बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़े, जिससे पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। इस झड़प में कई कार्यकर्ता और सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जबरन रोका और उनके साथ धक्का-मुक्की की। इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश देवांगन भी मौजूद रहे।

जगदलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री कश्यप के भानुपुरी कार्यालय और आवास का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यालय पर पत्थर फेंके गए, जिससे कांच टूट गया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, जिसमें कुछ महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया, जबकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

बीजेपी ने कांग्रेस के इस आंदोलन को हार की हताशा करार दिया। पार्टी प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस के लोग गुंडागर्दी पर उतर आए हैं और कार्यालय में पत्थर फेंकना तथा महिला पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करना निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता चरणदास महंत ने पहले ही कांग्रेसियों को ‘चमचा’ कहा था, लेकिन यह भी बताना चाहिए था कि वे तोड़फोड़ और हिंसा भी करेंगे।

मंत्री केदार कश्यप पर आरोप है कि उन्होंने एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के साथ कथित रूप से मारपीट और गाली-गलौज की। इस घटना के बाद कांग्रेस ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया और मांग की कि उन्हें तुरंत बर्खास्त किया जाए।

सोमवार को हुए घटनाक्रम में रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव चौक से रैली निकालकर मंत्री के बंगले की ओर बढ़ने का प्रयास किया, जिसके दौरान पुलिस ने उन्हें मोती बाग चौक पर रोका और झूमाझटकी के दौरान कई लोग घायल हुए। वहीं, जगदलपुर में कार्यकर्ताओं ने मंत्री के भानुपुरी कार्यालय और आवास का घेराव किया, कार्यालय में पत्थर फेंके गए और कांच टूटने से महिला पुलिसकर्मी समेत कई घायल हुए।

Back to top button