दो सगे भाई ने चाचा को जिन्दा मार डाला… जमीन क़ब्ज़ा के लिए बनवाया फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र…खुलासा के बाद दोनों को जेल

सक्ती…छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने दो सगे भाइयों को अपने ही चाचा की जमीन पर कब्जा करने के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम द्वारिका उर्फ कुंदन देवांगन और सीताराम देवांगन हैं। दोनों आरोपी,कसेर बाराथाना, शक्ति के निवासी हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा है ।
मामला तब उजागर हुआ जब कचराबाई देवांगन ने न्यायालय में परिवाद दर्ज कराया। जांच में पता चला कि आरोपियों ने अपने दिवंगत चाचा देवान देवांगन, जिनकी वर्ष 2000 में मृत्यु हो चुकी थी और जिनका कोई सीधा वारिस नहीं था, की नजूल सीट क्रमांक-16 की 2422 वर्ग फीट जमीन हड़पने के लिए षड्यंत्र रचा। उन्होंने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया और जमीन के नामांतरण के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया।
कचराबाई और उनके बेटे ने धोखाधड़ी की भनक लगते ही आपत्ति दर्ज कराई। जांच के दौरान सामने आया कि सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने फर्जी प्रमाण पत्र को फाड़कर जला दिया था।
थाना सक्ती में आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471, 200 और 120बी के तहत मामला कायम किया गया।
पुलिस ने गवाहों के बयान, दस्तावेजों की जब्ती और मेमोरेंडम के आधार पर कार्रवाई की। पूरे प्रकरण की जांच कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल, एंथोनी एक्का, सुरेंद्र सिंह ठाकुर, उमेश साहू, संजीव शर्मा, जोगेश राठौर, याद रामचंद्रा और पूरे थाना स्टाफ का योगदान रहा।





