LIVE UPDATE
Chhattisgarh

जिला अस्पताल में पुलिसकर्मी और अस्पताल स्टाफ में मारपीट.. लूट का आरोप.. चार आरोपी सलाखों के पीछे

बलरामपुर( पृथ्वीलाल केसरी)..जिला अस्पताल बलरामपुर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस आरक्षक और अस्पताल कर्मी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और मोबाइल लूट की वारदात करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ लूट, शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट की संगीन धाराओं के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की।

घटना ऐसे हुई
10 अगस्त की रात करीब 11 बजे इमरजेंसी वार्ड में ड्रेसर पंकज ठाकुर ने पुलिस आरक्षक को सूचना दी कि एक व्यक्ति शराब के नशे में नर्स और वार्ड बॉय से गाली-गलौज कर रहा है। पुलिस आरक्षक मौके पर पहुँचा और आरोपी दिलसाय सोनवानी को पकड़कर समझाइस देकर बाहर भेज दिया।

कुछ देर बाद दिलसाय अपने साथियों राम सोनवानी, सुखसेन सोनवानी और अमसिया सोनवानी के साथ अस्पताल परिसर में फिर गाली-गलौज करने लगा। रोकने पर आरोपियों ने आरक्षक के साथ अश्लील गालियाँ देते हुए डंडे और हाथ-मुक्कों से हमला किया। मोबाइल से सूचना देने की कोशिश कर रहे आरक्षक का फोन भी आरोपियों ने लूट लिया।

गार्ड भी बना शिकार
हंगामा सुनकर सुरक्षा गार्ड महेश सिंह बीच-बचाव करने पहुँचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद दिलसाय और एक अन्य आरोपी मोबाइल लेकर फरार हो गए।

तुरंत पुलिस कार्रवाई

सूचना पर थाना बलरामपुर से पेट्रोलिंग पार्टी पहुँची और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 110/2025 धारा 309(6), 296, 351(3), 115, 221, 121(1), 132, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों की तलाश शुरू की।

तकनीकी और मैदानी कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया। आरोपियों को 12 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की उदंडता और शासकीय कार्य में बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button