Big news
केन्द्रीय मंत्री,उप मुख्यमंत्री ने लगाया तिलक..कराया मुंह मीठा…बचपन भी किया याद..कहा..विद्यार्थी जीवन में रखी जाती है जीवन की बुनियाद
तोखन,अरूण साव, सुशान्त,दीलिप और राजेश सूर्यवंशी ने किया बच्चों का स्वागत

Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
बिलासपुर—केन्द्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने आज सरकण्डा स्थित पीएमश्री सेजेस कन्या शाला में शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दौरान बच्चों दोनो हाथ फैलाकर स्वागत किया। स्कूल पहुूंचने वाले बच्चों का तिलक लगाकर स्कूल प्रवेश की सभी बच्चों को बधाई दी। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने स्कूल में विभिन्न कार्यों के लिए 20 लाख रूपए का एलान किया। अतिथियों ने कहा कि बच्चों के बीच पहुंचकर बचपना याद आ गया है। यह आयोजन न केवल नए विद्यार्थियों के प्रवेश का प्रतीक है बल्कि शिक्षा के उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ाया गया मजबूत कदम भी है।
केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने आज सेजेस कन्या शाला में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में शिरकत किया। दोनों मंत्रियों समेत उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्कूल पहुचने वाले बच्चों का तिलक लगाकर पलक पावड़े स्वागत किया। मुंह मीठा कर बच्चों से मन लगाकर पढ़ने को कहा। अथिथियों ने इस दौरान बच्चों के बीच साइकिल, किताब, बैग समेत अन्य सामग्रियों का वितरण किया। साथ ही अपना बचपन भी याद किया।
केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने बाल अतिथि प्रियांशु, साहिल, प्राची और धनमती का तिलक लगाकर, माला पहनाया। मुंह मीठा कर स्कूल प्रवेश की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, उपाध्यक्ष ललिता संतोष कश्यप, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद थे।
विद्यार्थी जीवन का मतलब बुनियाद का काल
केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि गुरूओं की कृपा से उन्नति मिलती है। हरेली से लेकर होली तक हम अनेक उत्सव मनाते है। जहां उत्सव होता है वहीं विकास होता है। आज का दिन बेहद खास है। हम एक वृहद उत्सव के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि ये आपके सुनहरे दिन है आने वाले भविष्य की नींव विद्यार्थी काल में ही रखी जाती है। खूब मन लगाकर पढने की बात कही। तोखन साहू ने बताया कि विद्यार्थी जीवन ही जीवन की बुनियाद होती है।
छात्र शिक्षक अनुपात बेहतर..अरूण साव
उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव का मूल उद्देश्य है कि एक भी बच्चा स्कूल आने से न छूटे। हमारी सरकार शिक्षा के जरिए पूरे समाज को एक साथ जोड़कर उनके लिए विकास का मार्ग प्रशस्त करना चाहती है। शिक्षा केवल डिग्री लेने के लिए नहीं है। शिक्षा और संस्कार दोनों जरूरी है। हमारे राज्य में छात्र और शिक्षक का अनुपात अन्य राज्य की तुलना में बेहतर है। उप मुख्यमंत्री ने दुहराया कि राज्य में शिक्षा गुणवत्ता अभियान चलाया जा रहा है। शिक्षा हर एक का अधिकार है। युक्तियुक्तकरण के जरिए अब हर बच्चे को शिक्षा का उनका अधिकार मिल पाएगा। साव ने विद्यार्थियों को बताया कि आज का दिन बहुत खास है। हम सब संकल्प ले कि पूरे राज्य में अव्वल आकर बिलासपुर का परचम लहराएंगे।
कलेक्टर ने कहा–90 प्लस का टारगेट
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार मिला है। बच्चियां पल्लवित और पुष्पित होंगी तो समाज भी पल्लवित और पुष्पित होगा। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने बताया कि विगत वर्षो की अपेक्षा इस वर्ष 10वीं 12वीं के परीक्षा परिणाम में मिशन 90 प्लस प्रोग्राम के तहत सुधार आया है। हम आगे भी लगातार सुधार करने का प्रयास करेंगे।
एक पेड़ मां के नाम अभियान
स्कूल परिसर में अतिथियों ने एक पेड़ मां के नाम अभियान 2.0 के तहत बड़ी संख्या में नीम का पौधा लगाया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। न्योता भोज का आयोजन बिल्हा बीईओ सुनीता धुव और एपीसी समग्र शिक्षा सुनीता पाण्डेय ने किया।
जिला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में दीपक सिंह, श्री अरूण सिंह चौहान, मोहित जायसवाल, रामदेव कुमावत, संयुक्त संचालक आरपी आदित्य, जिला शिक्षा अधिकारी अनिल तिवारी, जिला समन्वयक ओम पाण्डेय, एडीपीओ रामेश्वर जायसवाल, एपीसी मुकेश पाण्डेय,अखिलेश तिवारी सहित स्कूल की प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बच्चे मौजूद थे।