ट्रैफिक पुलिस की वार्षिक समीक्षा. कसौटी पर परखे गए जवान..सर्वश्रेष्ठ का सम्मान

बिलासपुर…वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे द्वारा बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस का वार्षिक निरीक्षण बुधवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में संपन्न हुआ। निरीक्षण में अनुशासन, कार्य दक्षता, व्यवहार, टर्नआउट, और आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी का बारीकी से मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों की टुकड़ियों द्वारा ड्रिल और यातायात मैन्युअल अभ्यास प्रस्तुत किए गए। बेहतर अनुशासन और टर्न आउट वाले 25 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सेवा पुस्तिका में दर्ज प्रशंसा के साथ पुरस्कृत किया गया, जबकि अनुशासनहीन एवं लापरवाह कर्मचारियों को चेतावनी जारी की गई।
निरीक्षण के दौरान वाहनों की कार्यक्षमता, इमरजेंसी किट, जीवन रक्षक दवाइयां, मेडिकल किट, व्हील लॉक, रस्सी एवं अन्य जरूरी उपकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही शारीरिक यातायात संकेतों का भी प्रदर्शन कर अधिकारियों को यातायात नियमों और मार्गदर्शक चिन्हों के प्रति दृढ़ जानकारी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
एएसपी करियारे ने कर्मचारियों को आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार, पुलिस गरिमा बनाए रखने और कर्तव्य स्थल पर पूर्ण निष्ठा व संयम के साथ काम करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी ट्रैफिक पुलिस को जनहित में सुलभ, सुरक्षित और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य समस्याओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने माना कि लंबे समय तक खड़े रहने से कई जवानों को वेरीकोज वेन और सांस संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर सभी कर्मियों से उनकी शारीरिक, मानसिक और पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली गई और आवश्यकतानुसार वरिष्ठ कार्यालय को रिपोर्ट भेजे जाने का आश्वासन दिया गया।
इसी क्रम में, यातायात दबाव वाले मार्गों पर सायरन के साथ विशेष पेट्रोलिंग भी की गई, ताकि यातायात व्यवस्था पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़े।





