नशे में थार दौड़ाते, हाथ में चाकू लहराते..एक्सीडेंट के बाद भागते ..तीन गिरफ्तार
एक्सीडेंट के बाद भागने की कोशिश, सकरी पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

बिलासपुर..शराब के नशे में तेज रफ्तार थार दौड़ाते और हाथों में धारदार चाकू लहराते तीन युवकों को सकरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कथित रूप से वाहन से दुर्घटना करने के बाद भागने की कोशिश की।
मामला थाना सकरी के अपराध क्रमांक 198/2026 से जुड़ा है। पुलिस को सूचना मिली कि क्रमांक CG10 BW 6664 की थार में सवार तीन युवक नशे की हालत में लापरवाही से वाहन चला रहे हैं और एक्सीडेंट के बाद फरार हो रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी ने टीम गठित कर आसमा सिटी फेस-2, मेन्ड्रा रोड के पास घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे और हाथों में धारदार लोहे के चाकू लहराए। टीम ने घेरकर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी में तीन नग धारदार चाकू बरामद हुए। थार वाहन भी जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में ईशांत सिंह मंडलोई उर्फ निशांत उर्फ प्रिंस, शैलेन्द्र उर्फ मोनू सिंह और राहुल तिवारी शामिल हैं। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में निरीक्षक विजय चौधरी सहित थाना सकरी की टीम की सक्रिय भूमिका रही।





