आधी रात टिन उखाड़कर घर में घुसा..धान और धन पार..आरोपी गिरफ्तार
संदूक तोड़कर रकम पर हाथ साफ,19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर..कोनी थाना क्षेत्र में आधी रात घर की छत का टिन उखाड़कर चोरी करने वाले युवक को पुलिस ने कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी का धान, चावल और नगदी बरामद हुई है।
घटना 25 फरवरी 2026 की रात लगभग 12 बजे की है। घुटकू निवासी भूपेंद्र सूर्यवंशी ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि घर के कमरे से टिन की आवाज आने पर जांच की तो दरवाजे का कुंदा टूटा मिला। कमरे में रखी दो बोरी धान, एक बोरी चावल और संदूक में रखी नकदी गायब थी। परिवार की महिला सदस्य मनकी बाई बाहर गई हुई थीं। फोन पर संपर्क करने पर पता चला कि महिला समूह के 20 हजार रुपए भी संदूक में रखे थे, जिन पर हाथ साफ किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल व नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में कोनी पुलिस ने तत्काल पतासाजी शुरू की।
संदेह के आधार पर पंडरीपार घुटकू निवासी अभय लास्कर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ में उसने चोरी स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर दो बोरी धान, एक बोरी चावल और 1500 रुपए नगद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।





