कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (छुरी/कटघोरा) के विद्यार्थियों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया।

विद्यालय के प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षक के कथित प्रताड़नादायक रवैये तथा घटिया व्यवस्थाओं से आक्रोशित सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने शनिवार सुबह 7 बजे से कटघोरा-कोरबा मुख्य मार्ग पर बैठकर जोरदार चक्काजाम कर दिया।

सड़क पर बच्चों के अचानक धरना देने से कटघोरा-कोरबा मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने अपनी भड़ास निकालते हुए बताया कि हॉस्टल में उन्हें खाने में कीड़े मिले भोजन परोसे जा रहे हैं। बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है और ऊपर से प्राचार्य अहमद खान व छात्रावास अधीक्षक का व्यवहार उनके प्रति बेहद अभद्र और अमानवीय रहता है।

छात्रों का कहना है कि वे बीते दो वर्षों से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं। इससे पहले भी वे अपनी जायज मांगों को लेकर स्थानीय विधायक के सामने प्रदर्शन कर चुके थे, लेकिन कई बार शिकायत के बाद भी जब कोई प्रशासनिक सुधार नहीं हुआ, तो मजबूरन उन्हें सड़क पर उतरकर चक्काजाम जैसा कड़ा कदम उठाना पड़ा।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही स्थानीय तहसीलदार और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित छात्र इस बात पर अड़ गए कि जब तक प्राचार्य को पद से हटाने और छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ सख्त कदम उठाने को लेकर कलेक्टर से सीधी बात नहीं होती, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।

बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा एसडीएम (SDM) और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों की सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और आरोपी प्राचार्य व अधीक्षक के खिलाफ नियमानुसार निष्पक्ष जांच कर कड़ी विभागीय कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया।