Bilaspur
बिलासपुर के महेन्द्र जैन सहित 13 विभूतियों को “श्री अरविंदो सम्मान 2025”, जम्मू में हुआ भव्य समारोह

Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
बिलासपुर । जम्मू के गुलशन पुलिस ग्राउंड स्थित ऑडिटोरियम में शाश्वत हिंदू प्रतिष्ठान द्वारा भव्य “श्री अरविंदो सम्मान समारोह 2025” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रांतों से आई 13 प्रतिभाओं को श्री अरविंदो सम्मान तथा संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को शाश्वत पवन सम्मान से अलंकृत किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि आचार्य लोकेश मुनि ने अपने संबोधन में कहा कि यदि धर्म की सर्वश्रेष्ठ परिभाषा किसी एक पंक्ति में कही गई है, तो वह गोस्वामी तुलसीदास जी की यह पंक्ति है — “परहित सरिस धरम नहिं भाई, पर पीड़ा सम नहिं अधमाई।” उन्होंने कहा कि ये वे विभूतियाँ हैं जिनके पास भले संसाधन सीमित हों, लेकिन वे समाज और राष्ट्र को अपना सर्वस्व अर्पित कर रही हैं।
जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव जैन ने कहा कि विकसित भारत का सपना, शिक्षित भारत के माध्यम से ही साकार हो सकता है, और समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता है। शाश्वत हिंदू प्रतिष्ठान के उपाध्यक्ष योगी अनूप नाथ ने कहा कि मंदिरों को केवल पूजा स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और शक्ति केंद्र के रूप में विकसित करना चाहिए।
जम्मू प्रांत अध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह चांडक ने संगठन के विस्तार की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि शीघ्र ही इसका विस्तार पूरे जम्मू–कश्मीर में किया जाएगा। महिला प्रमुख व पूर्व मेयर श्रीमती पूर्णिमा शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति को समर्थ और समृद्ध बनाने में नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, हमें मंदिरों को पुनः जागृत करने की दिशा में कार्य करना चाहिए।संरक्षक सतपाल सिंह राठौर और संगठन मंत्री चतर सिंह ने कहा कि मंदिरों की नगरी जम्मू से शाश्वत हिंदू प्रतिष्ठान का संदेश पूरे भारत में जाएगा।
इस अवसर पर जिन विभूतियाों को सम्मानित किया गया, उनमें •समाज सेवा के क्षेत्र में:बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से वंदे मातरम् मित्र मंडल के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र जैन,हरियाणा से जगमोहन यादव ,जम्मू से संजीव खजूरिया,•प्रकृति संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में:
हरियाणा से विजेंद्र सिंह प्रजापति,पंजाब (लुधियाना) से राम सिंह,उत्तर प्रदेश से संदीप त्यागी।•संस्कृति एवं धर्म संरक्षण के क्षेत्र में:उत्तर प्रदेश (मेरठ) से धरम सिंह जाटव,पश्चिम बंगाल से परिमल मंडल।•शाश्वत पवन सम्मान से सम्मानित:पश्चिमी यूपी से पंकज गोयल,
जम्मू की श्रीमती राजकुमारी शामिल हैं।
समारोह में राष्ट्रीय महामंत्री संजय शर्मा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रशांत कोतवाल, समन्वयक सरोज कुमार महापात्रा, वीरेंद्र सिंह, रवि कटारिया, सुनील कुमार गुप्ता और के.डी. पाठक सहित देशभर से अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद महेन्द्र जैन ने कहा “यह सम्मान वंदे मातरम् मित्र मंडल के सैकड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान है, जिन्होंने प्रतिकूल मौसम और परिस्थितियों की परवाह किए बिना संस्था को एक अग्रणी सामाजिक संगठन के रूप में स्थापित किया है। अब हमारा दायित्व और भी बढ़ गया है कि हम समाज की अपेक्षाओं पर खरे उतरें। अतिशीघ्र वंदे मातरम् मित्र मंडल का विस्तार पूरे छत्तीसगढ़ में किया जाएगा।” जम्मू यात्रा में उनके साथ सौरभ दुबे सहित मित्र मंडल के सैकड़ों सदस्यों ने भी इस सम्मान पर हर्ष और गर्व व्यक्त किया।