हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप..एसपी रजनेश सिंह खुद मोर्चे पर.. कड़ी सुरक्षा
धमकी भरे ईमेल से दहला प्रदेश: हाईकोर्ट हाई अलर्ट पर, एसपी रजनेश सिंह ने संभाला मोर्चा

बिलासपुर… एक अज्ञात ईमेल ने पूरे प्रदेश की न्याय व्यवस्था को झकझोर दिया। बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली और कुछ ही मिनटों में शहर का माहौल बदल गया। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट मोड में आ गई।
सुबह प्राप्त इस ईमेल में हाईकोर्ट परिसर को निशाना बनाने की बात लिखी गई। संदेश सामने आते ही सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस कप्तान रजनेश सिंह खुद टीम के साथ हाईकोर्ट पहुँचे और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लिया। प्रवेश और निकास पर सख्ती बढ़ी, हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
देशभर में मिल रहीं ऐसी धमकियां, छत्तीसगढ़ भी रहा निशाने पर
पिछले कई महीनों से देश के अलग-अलग हिस्सों में उच्च न्यायालयों और जिला न्यायालयों को धमकी भरे ईमेल मिलते रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी राजनांदगांव सहित कई जिलों के जिला न्यायालयों को इसी तरह के ईमेल मिल चुके हैं। हर बार पुलिस ने व्यापक जांच और सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन धमकी भेजने वालों की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इसी सिलसिले में बिलासपुर हाईकोर्ट को मिला यह ताजा ईमेल सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है।
हाई अलर्ट पर पुलिस, मेल भेजने वाले को ट्रेस करने की कोशिश
खबर लिखे जाने तक पुलिस और साइबर टीम ईमेल के स्रोत को ट्रेस करने में जुटी है। तकनीकी टीम सर्वर, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की बारीकी से जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की गहन जांच शुरू कर दी है।
एसपी रजनेश सिंह स्वयं हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मौके पर पहुंच चुकी हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है और सुरक्षा व्यवस्था में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
फिलहाल पूरा इलाका सुरक्षा घेरे में है। हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। जांच जारी है और ईमेल भेजने वाले की पहचान सामने लाने के लिए पुलिस पूरी ताकत झोंक चुकी है।





