LIVE UPDATE
Chhattisgarh

खेत से खाते में पहुँचा 578 करोड़, बलरामपुर में धान खरीदी ने तोड़ा रिकॉर्ड..अब बचे किसानों की बारी

अब तक 24.42 लाख क्विंटल धान की खरीदी, बढ़ी दैनिक लिमिट

बलरामपुर..जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है और अब तक इसका लाभ बड़ी संख्या में किसानों को मिल चुका है। आंकड़ों के मुताबिक खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत पंजीकृत किसानों में से करीब 75 प्रतिशत किसान अपना धान बेच चुके हैं, जबकि शेष किसानों के लिए भी खरीदी की प्रक्रिया लगातार जारी है।

अब तक जिले में 38,461 किसानों से 24 लाख 42 हजार 356 क्विंटल धान की खरीदी पूरी हो चुकी है। इसके एवज में 578 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। भुगतान प्रक्रिया तेज होने से किसानों को आर्थिक राहत मिली है।

टोकन और सत्यापन की प्रक्रिया जारी

धान विक्रय को व्यवस्थित रखने के लिए टोकन प्रणाली लागू की गई है। जिले में 8,010 किसानों ने टोकन के लिए आवेदन किया, जिनमें से 7,718 किसानों के धान का भौतिक सत्यापन पूरा कर लिया गया है। वहीं 5,411 किसानों को टोकन जारी भी किए जा चुके हैं। शेष किसानों के सत्यापन और टोकन जारी करने का काम जारी है।

 रोज़ दो लाख क्विंटल धान खरीदी

किसानों की भीड़ और समय की चुनौती को देखते हुए जिले में धान खरीदी की दैनिक सीमा बढ़ाई गई है। पहले जहां प्रतिदिन लगभग 1.32 लाख क्विंटल धान खरीदा जा रहा था, वहीं अब 49 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से प्रतिदिन करीब 1.99 लाख क्विंटल धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।

उपार्जन केंद्रों पर तौल, बारदाना, परिवहन और भुगतान की व्यवस्थाएं लगातार निगरानी में संचालित हो रही हैं, जिससे किसानों को धान बेचने में बड़ी परेशानी नहीं हो रही है।

बचे किसानों के लिए दरवाजे खुले

प्रशासन का दावा है कि सभी पात्र किसानों से धान खरीदी की जाएगी। जिन किसानों को किसी भी स्तर पर समस्या आ रही है, वे संबंधित उपार्जन केंद्र, सहकारी समिति या टोल फ्री नंबर के माध्यम से समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close